पंजाब में कोरोना से गुरुवार को छह संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। 6083 नए संक्रमित मिले हैं। राज्य की संक्रमण दर 17.03 प्रतिशत दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा संक्रमित मोहाली में 914 मिले हैं। अब तक सूबे में 16708 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
सूबे में अब तक 17134880 लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं, जिनमें 642182 लोगों की रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है। चिंताजनक बात यह है कि सक्रिय मामलों की संख्या 30384 पहुंच गई है। 460 संक्रमितों को सांस लेने में परेशानी होने पर ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।
19 की हालत गंभीर होने पर जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। 24 घंटे में हुई कुल छह मौतों में अमृतसर, होशियारपुर, लुधियाना, पठानकोट, पटियाला और मोहाली में 1-1 शामिल हैं। मोहाली में 914, पटियाला में 776, अमृतसर में 731, लुधियाना में 670, जालंधर में 514, बठिंडा में 404, गुरदासपुर में 346, पठानकोट में 344, रोपड़ में 214, कपूरथला में 195, फतेहगढ़ साहिब में 189, फिरोजपुर में 115 नए संक्रमित मिले हैं।
बढ़ाई गई टेस्टों की संख्या
पंजाब में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अब रोज होने वाले टेस्टों की संख्या में भी वृद्धि कर दी गई है। इससे पहले मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने स्वास्थ्य विभाग को टेस्टों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया था। इसके बाद अब विभाग ने टेस्टों की संख्या बढ़ाकर 38 हजार कर दी है।