बहिबल कलां में पीड़ित परिवार व गवाहों से बातचीत करते एसआईटी के अधिकारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बरगाड़ी बेअदबी मामले से संबंधित बहिबल गोलीकांड केस की जांच कर रही पंजाब पुलिस की एसआईटी ने गुरुवार को गांव बहिबल कलां में गोलीकांड स्थल का जायजा लिया। इस दौरान एसआईटी ने गोलीकांड के पीड़ित परिवारों और गवाहों से भी मुलाकात की।
इस दौरान गोलीकांड स्थल के पास पिछले 11 माह से चल रहे इंसाफ मोर्चे ने राज्य सरकार को बेअदबी व गोलीकांड की घटनाओं में 30 नवंबर तक ठोस कार्यवाही करने का अल्टीमेटम दिया है। जानकारी के अनुसार बहिबल गोलीकांड केस की जांच कर रही एसआईटी ने उक्त केस में पुलिस अधिकारियों समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ फरीदकोट की अदालत में चार्जशीट भी दाखिल की है और फिलहाल केस की जांच चल रही है।
इस जांच प्रक्रिया के तहत ही एसआईटी प्रमुख व आईजी नौनिहाल सिंह, सदस्य एसएसपी जालंधर (देहात) स्वर्णदीप सिंह व एसएसपी बटाला सतिंदरजीत सिंह ने गुरुवार को बहिबल कलां में पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और इंसाफ मोर्चे के नेताओं समेत पीड़ित परिवार सदस्यों व गवाहों से भी मुलाकात कर जानकारी जुटाई। इस मौके पर एसआईटी सदस्य व एसएसपी बटाला सतिंदरजीत सिंह ने कहा कि गोलीकांड केस की जांच जारी है और गवाहों से बातचीत करने समेत कुछ अहम तथ्य जुटाने के लिए टीम मौके पर आई है।
उधर, गोलीकांड पीड़ित परिवार सदस्य सुखराज सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार इंसाफ देने की जगह महज खानापूर्ति कर रही है। इंसाफ मोर्चे से सरकार ने 30 नवंबर तक का समय लिया था और समय अवधि खत्म होने पर पंथक संगठनों के साथ बैठक के बाद अगले संघर्ष की घोषणा की जाएगी।