चंडीगढ़। जिला अदालत ने पंजाब के डीजीपी रहे सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय के फर्जी हस्ताक्षर कर पुलिसकर्मियों की प्रमोशन सूची जारी करने के मामले में एसआई सतिंदरपाल सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। इससे पहले दोनों पक्षों ने अदालत में अपनी-अपनी दलीले दीं। सेक्टर-3 थाना पुलिस को केस में एसआई सतिंदरपाल सिंह की तलाश है।
बता दें कि पंजाब पुलिस की ओर से बीते 8 जनवरी को 11 पुलिसकर्मियों की प्रमोशन लिस्ट जारी हुई थी। इसमें सब इंस्पेक्टर, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर, सीनियर कांस्टेबल और कांस्टेबल रैंक के कर्मचारियों के नाम शामिल थे। तत्कालीन डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय को सूची जारी होने की सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल सूची की प्रति मंगवाई। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देते बताया कि उन्होंने ऐसी किसी भी सूची पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं और न किसी को प्रमोट किया है। पंजाब पुलिस मुख्यालय की ओर से एक अधिकारी ने इसकी शिकायत सेक्टर-3 थाना पुलिस को दी। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने पंजाब पुलिस के कई अधिकारियों और कर्मचारियों को गिरफ्तार किया। पुलिस इस केस में मोहाली साइबर सेल में तैनात इंस्पेक्टर सतवंत सिंह, बर्खास्त सब इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह, हवलदार मनी कटोच, तत्कालीन डीजीपी के पीए कुलविंदर सिंह, सुपरिटेंडेंट संदीप व बहादुर को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि कई अन्य की तलाश जारी है।