चंडीगढ़ के निशानेबाज विजयवीर सिद्धू ने पेरू की राजधानी लीमा में चल रही आईएसएसएफ जूनियर विश्व शूटिंग चैंपियनशिप में रैपिड फायर पिस्टल मिक्स टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीता। चैंपियनशिप में शुक्रवार को विजयवीर सिद्धू और रैथम सांगवान की जोड़ी ने फाइनल में थाईलैंड की जोड़ी को 9-1 से हराया।
विजयवीर सिद्धू पंजाब यूनिवर्सिटी के छात्र हैं। भारतीय नेशनल शूटिंग टीम के पूर्व कोच रहे दिलीप सिंह चंदेल के प्रशिक्षु हैं। चंदेल पंजाब यूनिवर्सिटी की शूटिंग रेंज के प्रमुख कोच भी हैं। इसी रेंज से विजयवीर सिद्धू के निशानेबाजी कॅरिअर की शुरुआत हुई। कोच चंदेल के कड़े प्रशिक्षण और कड़ी ट्रेनिंग के बाद विजयवीर नेशनल के बाद अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में मेडल जीतकर देश का नाम रोशन कर रहा है।
यह भी पढ़ें- रणजीत सिंह हत्याकांड: राम रहीम बेचैन, सजा से पहले वकील करेंगे मुलाकात, सुनारिया जेल के आसपास बढ़ी सतर्कता
अपने प्रशिक्षु पर गर्व
आईएसएसएफ जूनियर विश्व शूटिंग चैंपियनशिप में रैपिड फायर पिस्टल मिक्स इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने पर विजयवीर सिद्धू के कोच दिलीप सिंह चंदेल काफी खुश हैं। उन्होंने बताया कि चैंपियनशिप में जाने से पहले इस खिलाड़ी ने काफी मेहनत की थी। यह उसकी मेहनत का फल है कि वह स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब हुआ।