अगले साल की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए शिरोमणि अकाली दल ने शनिवार को तीन और उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की। सुनीता चौधरी को शहीद भगत सिंह नगर की बलाचौर सीट से टिकट दिया गया है, जबकि जसपाल सिंह पटियाला ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ेंगे। जालंधर जिले के शाहकोट विधानसभा क्षेत्र से बचित्तर सिंह कोहड़ शिअद प्रत्याशी होंगे।
यह भी पढ़ें - सोनीपत दोहरा हत्याकांड: दो जवान बच्चों को खोने के दर्द में डूबे पिता को बस एक ही अफसोस... काश ऐसा हुआ होता
पार्टी नेता दलजीत सिंह चीमा ने शनिवार को एक ट्वीट में यह जानकारी दी। अभी तक कुल 83 सीटों पर अकाली दल ने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। विधानसभा हलका बलाचौर से उम्मीदवार बनाईं गईं सुनीता चौधरी पूर्व संसदीय सचिव दिवंगत चौधरी नंदलाल की पुत्रवधू हैं। वहीं हलका शाहकोट के उम्मीदवार युवा नेता बचित्तर सिंह कोहाड़ पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवंगत अजीत सिंह कोहाड़ के पोते हैं। विधानसभा हलका पटियाला ग्रामीण से प्रत्याशी घोषित किए गए जसपाल सिंह बिट्टू चट्ठा युवा अकाली दल की कोर कमेटी के सदस्य व पटियाला नगर निगम के पूर्व काउंसिलर हैं।
अकाली दल ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ गठबंधन किया है। दोनों राजनीतिक दलों के बीच सीटों के बंटवारे की व्यवस्था के अनुसार मायावती के नेतृत्व वाली बसपा पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में 20 पर उम्मीदवार उतारेगी, जबकि शेष सीटों पर शिअद लड़ेगी। इससे पहले पार्टी ने बटाला हलके के मौजूदा विधायक लखबीर सिंह लोधीनंगल को विधानसभा हलका फतेहगढ़ चूड़ियां से और रविकरण सिंह काहलों विधानसभा को हलका डेरा बाबा नानक से उम्मीदवार घोषित किया था।