फिरोजपुर-चंडीगढ़ के बीच शताब्दी एक्सप्रेस दौड़ाने को दिल्ली के अधिकारियों ने हरी झंडी दे दी है और यह 20 जनवरी से पहले दौड़ने लगेगी। अब फिरोजपुर डिवीजन में ऑपरेटिंग और कैरिज एंड वैगिन (सीएंडडब्ल्यू) विभाग में ट्रेन की टाइमिंग को लेकर खींचतान चल रही है। उधर, रेल डिवीजन फिरोजपुर के डीआरएम विवेक कुमार ने 20 जनवरी से पहले ट्रेन चलने के संकेत दिए हैं। इस ट्रेन के चलने से मरीजों, वकीलों, विद्यार्थियों और अन्य लोगों को काफी लाभ पहुंचेगा।
सूत्रों के मुताबिक दिल्ली हेड क्वार्टर ने फिरोजपुर-चंडीगढ़ के बीच शताब्दी एक्सप्रेस चलाने की अनुमति दे दी है। काफी दिनों से ट्रेन चलाने का प्रस्ताव दिल्ली में पड़ा था। अब ट्रेन की टाइमिंग को लेकर ऑपरेटिंग और कैरिज एंड वैगिन विभाग में खींचतान चल रही है। ऑपरेटिंग विभाग उक्त ट्रेन को फिरोजपुर छावनी रेलवे स्टेशन से 4.30 बजे चलाना चाहता है। कैरिज एंड वैगिन ट्रेन को 5.30 बजे चलाने की बात कह रहा है।
कैरिज एंड वैगिन के कुछ अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन की साफ-सफाई व अन्य कार्य करने होते हैं। 4.30 बजे से पहले कई ट्रेनें फिरोजपुर से चलती है। उनकी भी साफ-सफाई व अन्य कार्य करने होते हैं। इस बीच उक्त ट्रेन की साफ-सफाई का समय उनके पास नहीं है। ऑपरेटिंग विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सुबह सात बजे फिरोजपुर-चंडीगढ़ के बीच ट्रेन चलाई जाती है। 5.30 बजे शताब्दी चलेगी तो दूसरी ट्रेन के बीच बहुत कम समय का अंतर रहेगा।
4.30 बजे ट्रेन चलने से हाईकोर्ट, पीजीआई व अन्य सरकारी विभागों में कामकाज के लिए जाने वाले लोग सही समय पर चंडीगढ़ पहुंच सकते हैं। शताब्दी सप्ताह में दो दिन सोमवार और शुक्रवार फिरोजपुर-दिल्ली के बीच चलती है। बाकी दिन इसकी बोगियां फिरोजपुर छावनी यार्ड में खड़ी रहती हैं। इन्हें बाकी दिन फिरोजपुर-चंडीगढ़ के बीच चलाने की योजना तैयार की गई है ताकि बेकार खड़ी बोगियों को चलाकर रेलवे कमाई कर सके।
उधर, रेल डिवीजन फिरोजपुर के डीआरएम विवेक कुमार का कहना है कि फिरोजपुर-चंडीगढ़ के बीच शताब्दी एक्सप्रेस चलाने की दिल्ली हेडक्वार्टर से अनुमति मिल चुकी है। इस ट्रेन को पांच दिन फिरोजपुर-चंडीगढ़ के बीच चलाया जाएगा। चलाने की सभी तैयारियां मुकम्मल हो चुकी हैं।