शास्त्री मार्केट पार्किंग नीलाम
- फोटो : amar ujala
सेक्टर-22 की शास्त्री मार्केट और सिनेमा हाल के बाहर में पहली बार शुरू होने जा रही पेड पार्किंग की नीलामी 43 लाख रुपये में हुई है। इस पार्किंग का रिजर्व प्राइस नगर निगम ने 12.64 लाख रुपये तय किया था।
नगर निगम ने इन तीन पेड पार्किंग से एक करोड़ 55 लाख 55 हजार रुपये की कमाई की है। नगर निगम ने ठेकेदारों की मांग मानते हुए पार्किंगों का रिजर्व प्राइस 50 प्रतिशत कम तय किया था। लेकिन ठेकेदारों ने प्रतियोगिता में महंगी बोली पर पेड पार्किंग चलाने के लिए ली है।
बुधवार को नगर निगम ने कुल तीन पेड पार्किंग की नीलामी करवाई जिनमे सेक्टर-17 की साहिब सिंह पेड पार्किंग काफी महंगी नीलाम हुई। इस पार्किंग कर रिजर्व प्राइस 34.05 लाख रुपये तय किया था लेकिन नीलाम हुई 62.50 लाख रुपये में। इसी तरह से एंपायर स्टोर की पेड पार्किंग का रिजर्व प्राइस 23.30 लाख रुपये था जबकि इसकी नीलामी 50.05 लाख रुपये में हुई। यह तीनों पार्किंग एक जुलाई से शुरू हो जाएंगी।
मल्टीलेवल पार्किंग जितना शुल्क लगेगा नगर निगम के अनुसार इन दोनों पार्किंग में शुल्क मल्टीलेवल के बराबर ही चार्ज किया जाएगा। यहां पर पहले चार घंटे के पांच रुपये और अगले हर घंटे के लिए पांच रुपये बढ़ते जाएंगे। पहले मल्टीलेवल पार्किंग को चलाने के लिए इन दोनों पार्किंग को बंद कर दिया गया था। लेकिन व्यापारियों के विरोध के बाद इसे खोला गया। अभी दोनों पार्किंग में शुल्क नहीं वसूला जा रहा। लेकिन एक जुलाई से दोनों पार्किंग पेड हो जाएंगी। बुधवार को उक्त तीनों पेड पार्किंग की नीलमाी ऑब्जर्वर सुरेंद्र बग्गा और भाजपा पार्षद सतिंदर सिंह के नेतृत्व में हुई।
सेक्टर-43 में नई खुली पेड पार्किंग से रेजिडेंट्स को दिक्कत सेक्टर-43 बी में होटलों के सामने की पार्किंग को भी पेड कर दिया गया है। यहां पर पेड पार्किंग शुरू हुए एक सप्ताह हुए हैं। लेकिन यह पार्किंग होटलों के पिछली तरफ रहने वालों के लिए सिरदर्दी बन गई है। ये लोग पहले पार्किंग से होते हुए सेक्टर-43 चौक पर पहुंचते थे, लेकिन अब उन्हें सेक्टर-43 केचौक के लिए अटावा चौक पार करके वापस आना पड़ रहा है। अगर उन्हें पार्किंग में से होकर जाना पड़ता है तो पेड पार्किंग शुल्क चार्ज किया जा रहा है। वहां रहने वाली नीना बहल ने कहा कि पहले से ही सड़कों पर काफी जाम होता था।
अब पेड पार्किंग बनने से दिक्कत और बढ़ गई है। चौक तक पहुंचने के लिए होटल के पीछे से पार्किंग को जाने वाली सड़क का प्रयोग करने पर पेड पार्किंग कर्मचारियों द्वारा शुल्क की मांग की जा रही है जो कि गलत है। उन्होंने बताया कि सेक्टर-34 स्थित कार्यालय के लिए दो किमी का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। सेक्टर-43 बी में रहने वाले फासवेक के वाइस चेयरमैन हितेश पुरी का कहना है कि प्रतिदिन पेड पार्किंग से होकर सेक्टर-43 चौक पर जाने वाले लोगों के साथ करिदें लड़ाई झगड़ा कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब चालक वाहन ही पार्क नहीं कर रहा है तो वह शुल्क क्यों अदा करे। उनका कहना है कि नगर निगम को चौक तक जाने के लिए अलग से रास्ता बनाना चाहिए जो कि पेड पार्किंग में न आता हो।