शहीद-ए-आजम भगत सिंह खेलों की धुआंधार शुरूआत हो चुकी है। मोहाली में तैराकी, हॉकी और टेबल टेनिस के मुकाबले होंगे। मोहाली में होने वाले मुकाबलों का शुभारंभ समारोह फेज-9 स्थित हॉकी स्टेडियम में किया गया। समागम में मुख्य मेहमान सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा थे, उन्होंने खेल मुकाबलों का उद्घाटन किया।
इस मौके पर चंदूमाजरा ने झंडा लहराने की रस्म अदा की और सूबे भर से आए खिलाड़ियों द्वारा निकाले गए मार्च पास्ट की सलामी भी ली। मार्च पास्ट की अगुवाई तैराकी की खिलाड़ी व नेशनल वुमन फेस्टीवल में कांस्य पदक जीतने वाली कमलप्रीत कौर ने की। साथ ही खेले शुरू करने का रस्मी एलान भी किया गया।
इसके बाद खिलाड़ियों को तैराकी रिले में कांस्य पदक जीतने वाली कुदरत कौर रूपनगर ने शपथ दिलवाई। टार्च सेेरेमनी में तैराकी खिलाड़ी राजबीर सिंह, जसनदीप सिंह, साहिल चोपड़ा, शिवांगी और गारगी ने हिस्सा लिया। उद्घाटन समागम में सरकारी कन्या स्कूल सोहाना की छात्राओं ने गिद्दा और सरकारी स्कूल देसूमाजरा के लड़कों ने मलवई गिद्दे की पेशकारी दी।
दोनों स्कूलों के विद्यार्थियों की ओर से दी गई पेशकारी से खुश होकर सांसद ने दोनों स्कूलों को एक-एक लाख रुपये की ग्रांट देने का एलान किया। साथ ही सांसद की ओर से रस्साकशी के मुकाबले में पहले नंबर पर रही कपूरथला की टीम को 25 हजार और दूसरे नंबर पर रही मोहाली टीम को 11 हजार का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
डीसी डीएस मांगट ने पंजाब भर से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए बताया कि 19 फरवरी तक चलने वाली खेलों के दौरान करीब आठ सौ खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसमें से हॉकी स्टेडियम में लड़कियों के हाकी मैच, सेक्टर-63 के मल्टीपर्पस स्टेडियम में तैराकी और सेक्टर-78 स्टेडियम में टेबल टेनिस के मुकाबले करवाए जाएंगे।
इस मौके पर हरियाणा के पूर्व सांसद चौधरी सुरिंदर बरवाला, अकाली दल के हलका इंचार्ज हरिंदरपाल चंदूमाजरा, पार्षद बीबी मैनी, कंवलजीत रूबी, सुखदेव पटवारी, परविंदर सोहाना, सुरिंदर रोडा व परमिंदर तसंबली, मार्केट कमेटी खरड़ के चेयरमैन बलजीत सिंह कुंभड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी मेवा सिंह सिद्धू, एडीसी भूपिंदर सिंह, एसडीएम लखमीर सिंह और जसवंत सिंह भुल्लर भी मौजूद रहे।