चंडीगढ़। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार को शहर में रहेंगे। वह सुबह 11 बजे यहां पहुंचेंगे और शाम साढ़े चार बजे तक के अपने कार्यक्रम के दौरान सिटी ब्यूटीफुल को 500 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान शाह कुल सात परियोजनाओं का उद्घाटन और एक का शिलान्यास करेंगे। गृहमंत्री की यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यातायात व्यवस्था भी चाकचौबंद कर दी गई है।
मुख्य कार्यक्रम सेक्टर-17 के अर्बन पार्क में आयोजित किया जाएगा। इस पार्क के उद्घाटन के साथ वह सेक्टर-17 स्थित सिटी कमांड कंट्रोल सेंटर के भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद सीएचबी की नई इमारत का उद्घाटन करने सेक्टर-9 जाएंगे। शाम को करीब साढ़े तीन बजे धनास स्थित पुलिस कांप्लेक्स में पुलिस कर्मचारियों के लिए बने फ्लैट्स का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा सेक्टर-39 के वाटर वर्क्स से भाखड़ा नहर का पानी लाने की परियोजना, रायरपुरकलां व मक्खनमाजरा में दो स्कूलों के साथ सेक्टर-50 के कॉमर्स कॉलेज में हॉस्टल ब्लॉक का उद्घाटन करेंगे। वहीं पुलिस आवास के लिए आगामी योजना का शिलान्यास करेंगे।
बता दें कि 294.9 करोड़ की लागत से सेक्टर-17 में बने सिटी कमांड कंट्रोल में शहर की सभी मुख्य सेवाओं को एक स्थान पर केंद्रित किया जाएगा। इसके अलावा शहर भर में लगाए गए 2189 कैमरों से सिटी ब्यूटीफुल की निगरानी भी यहीं से होगी। इसके लिए 60 फुट की एक विशेष स्क्रीन यहां लगाई गई है, जिसके जरिए पूरा शहर आंखों के सामने होगा। अब तक इन कैमरों का ट्रायल सफल रहा है। अब इन कैमरों से चालान की तिथि यातायात पुलिस को तय करनी है। हालांकि अभी यातायात विभाग की बिल्डिंग बनने में लगभग एक माह का समय लगेगा। इसके अलावा सेक्टर-9 में 70 करोड़ की लागत से सीएचबी का नया भवन बनाया गया है, जिसकी कई खासियत हैं। धनास में बने पुलिस कर्मचारियों के लिए 336 फ्लैट बनाए गए हैं जबकि नए मकानों का शिलान्यास भी होना है। वहीं, वाटर वर्क्स सेक्टर-39 से सारंगपुर इंस्टीट्यूट तक भाखड़ा का पानी पहुंचाने वाली योजना का लाभ मलोया में पुनर्वास योजना के तहत बने मकानों, गांव सारंगपुर, अमन चमन कॉलोनी, अंबेडकर कॉलोनी को मिलेगा।
बॉक्स
1400 जवान रहेंगे तैनात, आईजी खुद संभालेंगे सुरक्षा का जिम्मा
गृहमंत्री की यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चंडीगढ़ पुलिस के 1400 जवानों की तैनाती के साथ पैरामिलिट्री फोर्स भी तैनात की गई है। इसके अलावा ऑपरेशन सेल, अपराध शाखा, जिला अपराध शाखा सहित 16 थानों की पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहेगी। डीएसपी रामगोपाल ने बताया कि सीआरपीएफ, आईटीबीपी व अन्य फोर्स भी सुरक्षा में लगीं हैं। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी खुद आईजी के हाथ में रहेगी।
बॉक्स
आज सर्कस ग्राउंड और धनास की ओर जाने से बचें
गृहमंत्री का मुख्य कार्यक्रम सेक्टर-17 के अर्बन पार्क में है। यहां वह सुबह 11 बजे पहुंचेंगे। उसके बाद दोपहर साढ़े तीन बजे धनास जाएंगे। इस बीच शहर की विभिन्न सड़कों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इस समय सीमा में इन रास्तों पर जाने से परहेज करें या कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले रास्तों के वैकल्पिक मार्ग से निकलें।