श्री हरमंदिर साहिब पर्यटन स्थल नहीं है। संगत श्री हरमंदिर साहिब में अध्यात्मिक तृप्ति के साथ-साथ अपने दुखों को दूर करने के लिए अरदास भी करती है। इसलिए श्री दरबार साहिब में वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी पर रोक लगाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई सत्कार व श्रद्धा के साथ श्री हरमंदिर साहिब यात्रा की यादगारी फोटो खिंचवाना चाहते हैं, तो परिक्रमा में कार्यरत कर्मचारी उनकी मदद करेंगे।
फिल्मों की शूटिंग पर पहले से है रोक
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने मीडिया के लिए भी फोटोग्राफी करने का स्थान निर्धारित कर दिया है। इससे पहले भी एसजीपीसी ने किसी विशेष व्यक्ति के श्री हरमंदिर साहिब फेरी के दौरान मीडिया के लिए स्थान निर्धारित किया है। एसजीपीसी के पूर्व अध्यक्ष जत्थेदार अवतार सिंह मक्कड़ के कार्यकाल के दौरान फिल्मों की शूटिंग पर भी पाबंदी लगा दी गई थी। फिल्म की शूटिंग के लिए विशेष अनुमति लेनी पड़ती है।
परिक्रमा के चारों तरफ लगाए निर्देश बोर्ड
एसजीपीसी के इस आदेश के पहले दिन श्रद्धालुओं को सेल्फी न लेने और वीडियोग्राफी न करने के बारे में जानकारी दी गई। एसजीपीसी ने श्री हरमंदिर साहिब के सभी प्रवेश द्वार से अंदर आने वाले श्रद्धालुओं को जानकारी देने के लिए बोर्ड लगा दिए हैं। इसमें लिखा है कि आध्यात्मिकता के केंद्र सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करना मना है। यह बोर्ड पंजाबी, इंग्लिश और हिंदी भाषा में लगाए गए हैं।