फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राष्ट्रव्यापी हड़तालः पंजाब में सड़कों पर उतरे कर्मचारी, कामकाज रहा ठप...लोग होते रहे परेशान

Wed, 09 Jan 2019 09:09 AM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लुधियाना (पंजाब)
विज्ञापन
हड़ताल में कर्मचारी
विज्ञापन

सरकार की नीतियों के खिलाफ विभिन्न संगठनों ने मंगलवार को कामकाज बंद कर सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जाम लगाकर यातायात अवरुद्ध कर दिया। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। धरने प्रदर्शन के बाद जाम में फंसे लोगों का की हालत खराब थी। लोग अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए कई तरह की कोशिशों में जुटे थे, लेकिन वह कहीं से निकल नहीं पा रहे थे। 

विज्ञापन


महानगर के मुख्य मार्गों पर तो जाम था ही, साथ ही अंदरूनी इलाकों में भी बुरी तरह से जाम रहा। पुलिस ने बस स्टैंड की तरफ जाने के लिए भाईवाला चौक से ही बेरीकेड लगाकर रुट डायवर्ट कर दिया था। एसीपी ट्रैफिक गुरदेव सिंह खुद भारत नगर चौक पर ट्रैफिक को सुचारु ढंग से चलाने में जुटे  थे। बस स्टैंड के बाहर मजदूर संगठनों प्रदर्शन किया। देखते ही देखते मजदूरों ने एक तरफ का सारा ट्रैफिक रोक दिया। 

बस स्टैंड से चीमा चौक की तरफ जाने वाला सारा ट्रैफिक जाम था। आत्म पार्क की तरफ से भारत नगर चौक जाने वाला ट्रैफिक पूरी तरह से जाम था। वाहनों की लंबी लंबी कतारों के कारण लोग काफी परेशान थे। लोग घूमकर कोचर मार्केट की तरफ से निकल कर जा रहे थे। वहां भी ट्रैफिक पूरी तरह से जाम था। भारत नगर चौक पर भी वाहनों की लंबी लंबी कतारें लगी थी।  दो दिवसीय हड़ताल के पहले दिन बैंकों का कामकाज ठप रहने से बैंकिंग सेक्टर को 500 करोड़ का झटका लगा। अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ (एआईबीईए) और बैंक कर्मचारी फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीईएफआई) के आह्वान परकर्मचारी 8 और 9 जनवरी को दो दिनों की हड़ताल कर रहे हैं। 

विज्ञापन

बस स्टैंड के पास लगे जाम को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस की तरफ से भाई वाला चौक के पास ही बेरीकेड लगा कर भारत नगर चौक की तरफ जाने वाला ट्रैफिक रोक दिया गया। पुलिस ने वहां से गुजरने वाले वाहनों को घुमार मंडी की तरफ घुमा दिया। कुछ लोगों को पक्खोवाल रोड की तरफ से कोचर मार्केट और उसके बाद ही बस स्टैंड की तरफ जाने दिया जा रहा था। 

जाम में फंसे लोग प्रदर्शनकारियों को कोस रहे थे। लोगों का कहना था कि सरकार के खिलाफ चुनावों में भड़ास निकालें, न कि सड़कें जाम कर लोगों को परेशान करे। एसीपी ट्रैफिक गुरदेव सिंह ने कहा कि बस स्टैंड के बिल्कुल बाहर प्रदर्शनकारियों ने धरना लगाया था। समय पर रूट डायवर्ट कर दिया गया था। कुछ जाम तो जरूर था। डायवर्जन के बाद ट्रैफिक सही तरीके से चल पड़ा था। 

पावरकॉम कर्मचारियों ने की मुकम्मल हड़ताल
मुक्तसर में केंद्रीय ट्रेड यूनियन के आह्वान पर मंगलवार को पंजाब राज्य बिजली बोर्ड इंप्लाइज यूनियन की ओर से मुकम्मल हड़ताल की गई। हड़ताल के दौरान मुक्तसर शहरी, देहाती, गांव फत्तनवाला, रुपाणा, लक्खेवाली, लुबानियांवाली, बरीवाला दफ्तर पूरी तरह बंद रहे। वहीं कोटकपूरा रोड स्थित पावरकॉम दफ्तर में कर्मचारियों ने मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन करते हुए सरकार पर भड़ास निकाली। 

सीएम सिटी में निकाला रोष जुलूस  
केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर कर्मचारी संगठनों ने पटियाला में हड़ताल कर रोष प्रदर्शन किया। पंजाब सुबार्डिनेट सर्विसेज फेडरेशन व दि क्लास फोर्थ गर्वंमेंच इंप्लाइज यूनियन समेत अन्य कई मुलाजिम जत्थेबंदियों के मुलाजिमों ने सुबह अपने विभागों के आगे रैलियां कीं और फिर झंडा मार्च करते हुए बस स्टैंड पर पहुंचे। यहां मजदूरों के साथ मिलकर जोरदार रैली की। इसके बाद शहर के विभिन्न बाजारों से जुलूस निकाला। इस दौरान मुलाजिमों व मजदूरों ने हाथों में बैनर, झंडे व विभिन्न मांगों को दर्शाते हुए नारों वाली तख्तियां उठा रखी थीं।  इस मौके पर मुलाजिमों ने केंद्र की मोदी सरकार खिलाफ नारेबाजी की और पंजाब की कैप्टन सरकार को कोसा। 
 

लुधियाना में कर्मचारियों का हड़ताल
प्रदर्शनकारी मुलाजिमों ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की ओर से लगातार कीरत कानूनों में संशोधन करके अधिकारियों को खुश किया जा रहा है। ट्रेड यूनियनों के हकों पर डाका डाला जा रहा है। कीरती लोगों को जत्थेबंद होने से रोकने के लिए आए दिन नए कानून बना दिए जाते हैं। यहीं नहीं मांगों को लेकर हड़ताल करने जैसे एक्शन कार्यक्रमों पर भी सरकार पाबंदी लगाने पर तुली है। 

केंद्र सरकार ने जीएसटी व नोटबंदी जैसे फैसले करके छोटे दुकानदारों और छोटे कारखानेदारों का काम ठप किया है। पुरानी पेंशन योजना खत्म करके मुलाजिमों का बुढ़ापा और दूभर कर दिया है। किसानी भी आर्थिक संकट से गुजर रही है। मौके पर बलजीत मोदला, बरजिंदर शर्मा, नछत्तर थांदे, शमशेर सिंह, बलजीत कृपालके, सुख लाल, बसंत सिंह, गुरजंट सिंह,  रोशन लाल, गुरपाल सिंह पाली, बलविंदर सिंह, छिंदरपाल सिंह रुपाणा उपस्थित थे।

गुरदासपुर में रोष मार्च कर प्रदर्शन किया
गुरदासपुर में ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियन के आह्वान पर दो दिवसीय हड़ताल के पहले दिन सोमवार को मिड डे मील वर्कर यूनियन व सफाई कर्मचारी यूनियन ने नेहरू पार्क में रोष रैली की। इसके बाद शहर में रोष मार्च कर प्रदर्शन किया। जिला सचिव सतिंद्र कौर व बलविंद्र कौर ने मांग की कि सरकार उनका वेतन दोगुना करके 3400 रुपये करे, उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा देकर पक्का करे और चतुर्थ श्रेणी की मान्यता दी जाए।

उन्होंने कहा कि मांगों को स्वीकार न किया गया तो संघर्ष और अधिक तेज किया जाएगा। इस मौके पर महासचिव मनजीत राज, बलविन्द्र सिंह, मजदूर शक्ति मोर्चा के माझा जोन के अध्यक्ष विजय सोहन भी उपस्थित थे। 
विज्ञापन

बठिंडा में राष्ट्रीय राजमार्ग किया जाम

कर्मचारियों का हड़ताल
वहीं बठिंडा में आंगनबाडी मुलाजिम यूनियन सीटू ने देशव्यापी हड़ताल के पहले दिन मंगलवार को बठिंडा-मानसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाया। साथ ही शहर में रोष मार्च कर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यूनियन नेता प्रकाश कौर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से सिर्फ मन की बात की है और असल समस्याओं को अभी तक दूर नहीं किया। 

केंद्र में जब से भाजपा सरकार आई है, तब से देश में बेरोजगारी और भुखमरी बढ़ गई है। देश का विकास करने की बजाय प्रधानमंत्री मोदी ज्यादातर विदेशी दौरों पर रहते हैं। प्रधानमंत्री हर बार मन की बात के जरिये देशवासियों को मीठी गोली दे देते हैं। यूनियन नेता ने कहा कि सरकार ने आंगनबाड़ी वर्करों व हेल्परों को पक्का करने की बजाय उनकी सुविधा के लिए चल रही स्कीमों को भी बंद कर दिया। इस मौके पर यूनियन नेता मीना, परमजीत कौर, सुनीता, मक्खन कौर, जसपाल कौर मौजूद थीं। 

इसके अलावा पंजाब, यूटी और पेंशनर संघर्ष कमेटी के बुलावे पर मुलाजिम फेडरेशन और आजाद जनतक जत्थेबंदियों ने डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के आगे धरना दिया गया। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें