चंडीगढ़। नगर निगम चंडीगढ़ की पर्यावरण एवं सिटी ब्यूटीफिकेशन कमेटी की वीरवार को बैठक हुई। कमेटी के चेयरमैन गुरप्रीत सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में समिति के सदस्य जस्मनप्रीत सिंह, हरदीप सिंह, प्रेम लता, उमेश घई सहित निगम के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान शहर में सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई। कमेटी ने सेक्टर-26 ट्रांसपोर्ट एरिया में ओपन एयर जिम और 10 पीसीसी बेंच लगाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी। इस कार्य पर 3.69 लाख रुपये का खर्च अनुमानित है। इससे क्षेत्र के लोगों को खुले में व्यायाम और बैठने की बेहतर सुविधा मिलेगी।
सेक्टर-47 में हाउस नंबर 3001 के नजदीक स्थित पार्क में क्षतिग्रस्त पेवर ट्रैक को हटाकर नया सीमेंट कंक्रीट वॉकिंग ट्रैक बनाने के निर्णय को मंजूरी दी गई। इस पर 9.72 लाख रुपये की लागत आएगी। यह कदम पार्क में आने वाले निवासियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
सेक्टर-39 ए और बी की ग्रीन बेल्ट में वॉकिंग ट्रैक के विस्तार के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी गई। इस कार्य पर 5.85 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे स्थानीय निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य व फिटनेस सुविधाएं मिलेंगी। कमेटी ने कहा कि इन विकास कार्यों से न केवल शहर का सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि नागरिकों की जीवनशैली में भी सकारात्मक सुधार आएगा। नगर निगम ने सभी स्वीकृत कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी जारी किए।