अग्र नगर स्थित पेट्रोल पंप के मुलाजिम के सिर पर हॉकी से वार कर उससे शनिवार देर रात नकाबपोश एक्टिवा सवार दो लुटेरों ने सात लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया।
जब तक मुलाजिम कुछ कर पाता आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए। उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी, लेकिन लुटेरे हाथ नहीं आए।
सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इस मामले में पुलिस ने बाड़ेवाल अवाणा निवासी भगवान सिंह की शिकायत पर एक्टिवा सवार दो युवकों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
बलजीत एंड कंपनी पेट्रोल पंप पर काम करने वाले भगवान सिंह के अनुसार शनिवार रात को पूरे पंप की सेल इकट्ठी कर हिसाब करने के बाद वह सात लाख रुपये से भरा बैग साथ वाली गली में स्थित मालिक के घर देने जा रहा था।
जब वह पंप से बैग लेकर निकला तो पहले से ही गली में घात लगाए बैठे एक्टिवा सवार नकाबपोश दो लुटेरों ने उस पर हॉकी से हमला कर उसे घायल कर पैसों से भरा बैग छीन कर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसीपी पश्चिमी रविंदर पाल सिंह संधू ने कहा कि पुलिस के हाथ अभी तक कोई सबूत नहीं लगा है। अंधेरा होने की वजह से भगवान सिंह न तो आरोपियों का चेहरा देख पाया है और न ही उनके स्कूटर का नंबर। पुलिस इलाके में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक करने में जुटी हुई है एक फुटेज में आरोपी फरार होते दिखाई दे रहे हैं।