सिलिंडर के फटने से घर की दीवार व छत गिरी।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के रोहतक शहर में बड़ा हादसा हुआ है। यहां की एकता कॉलोनी में बुधवार सुबह करीब सात बजे रसोई में रखा गैस सिलिंडर फट गया। धमाके के साथ न केवल परिवार के चार लोग झुलस गए, बल्कि मकान की छत गिरने से तीन किरायेदार भी घायल हो गए। सभी को पीजीआई के ट्रामा सेंटर में दाखिल कराया गया है। घायलों में एक साल का बच्चा भी शामिल है।
एकता कॉलोनी निवासी विशाल अपने परिवार समेत रहते हैं। सुबह उनकी पत्नी रसोई में गई और गैस चालू किया। अचानक सिलिंडर में आग लग गई। देखते ही देखते सिलिंडर धमाके के साथ फट गया। परिवार में मौजूद विशाल (34), उनकी पत्नी शिल्पा (30), बेटा रेहान (8) व रिवान (1) बुरी तरह झुलस गए। साथ ही धमाके में मकान की छत गिरने से किरायेदार 16 वर्षीय प्रीति, 20 वर्षीय उपासना और 18 वर्षीय पार्थिव घायल हो गए हैं। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घायलों को पीजीआई में दाखिल करवाया गया, जहां झुलसे परिवार के चारों लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।