मलोट रोड स्थित नाम चर्चा घर के बाहर तैनात पुलिसकर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कोटकपूरा में डेरा समर्थक की हत्या के बाद बठिंडा में स्थित डेरे के नाम चर्चा घरों की पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई। जिले के मुख्य डेरा समर्थकों की सुरक्षा की समीक्षा पुलिस अधिकारी कर रहे हैं। एसएसपी जे इलेनचेलियन ने कहा कि पुलिस किसी भी तरह से अमन शांति भंग होने नहीं देगी।
एसएसपी जे इलेनचेलियन ने कहा कि लोग किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, बल्कि पुलिस का साथ देते हुए किसी भी अफवाह के बारे में पुलिस को सूचित करें। जिले में डेरे से जुडे़ मुख्य समर्थकों की पुलिस सुरक्षा समीक्षा कर रही है। इसके अलावा सभी नाम चर्चा घरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
एसएचओ सदर गुरमीत सिंह ने बताया कि गुरुवार को सुबह हुई हत्या के बाद पुलिस ने सख्त सुरक्षा प्रबंध किए हैं। सदर थाना के तहत तीन नाम चर्चा घर हैं। यहां पर सख्त सुरक्षा प्रबंध किए हैं और 22 पुलिस कर्मचारी तैनात हैं।
कमेटी के आदेश बाद पंजाब डेरा समर्थक लेंगे निर्णय
डेरा सिरसा से जुड़ी 45 सदस्यीय कमेटी के नेता गुरदेव सिंह ने कहा कि डेरा सिरसा से जुड़ी मुख्य कमेटी के आदेश के बाद ही पंजाब के डेरा समर्थक कोई निर्णय लेंगे। उन्होंने डेरा समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि वो किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।
2007 में पंजाब के बठिंडा से हुई थी शुरुआत
बता दें कि डेरा सिरसा मुखी राम रहीम वर्ष 2007 में उस समय विवादों में घिर गए थे, जब उन्होंने बठिंडा के डेरा सलाबतपुरा में जाम-ए-इंसा पिलाते हुए गुरु गोबिंद सिंह की नकल की थी। इसके बाद डेरा समर्थकों एवं सिख समुदाय में बड़ा विवाद हो गया था। इस मामले में डेरामुखी पर शिअद सरकार ने बठिंडा में केस दर्ज कर लिया था लेकिन सरकार डेरा मुखी पर कार्रवाई नहीं कर पाई थी।