जम्मू-कश्मीर के नगरोटा में चार आतंकियों के मारे जाने के बाद पंजाब के पठानकोट में पुलिस सतर्क हो गई है। बमियाल सेक्टर में सर्च ऑपरेशन चलाकर चप्पा-चप्पा खंगाला जा रहा है। शनिवार को एसपी ऑपरेशन हेमपुष्प शर्मा, डीएसपी ऑपरेशन सुखविंदर सिंह, पुलिस चौकी बमियाल प्रभारी अरुण कुमार, इंस्पेक्टर ऑपरेशन राजेश कुमार के नेतृत्व में सीमावर्ती इलाके में पुलिस के घातक और डेल्टा कमांडो ने सर्च ऑपरेशन चलाया।
क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए अब पुलिस के घातक कमांडो के साथ डेल्टा कमांडो टीम भी क्षेत्र में तैनात कर दी गई है, जो क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर निगाह रखेगी। क्योंकि सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है और धुंध पड़नी शुरू हो चुकी है। यह क्षेत्र नदी से घिरा हुआ है, इसी बात का फायदा अक्सर आतंकी उठाते हैं। नववर्ष का आगमन भी निकट है। इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर क्षेत्र में घातक कमांडो के साथ डेल्टा कमांडो की तैनाती की गई है।
एसपी ऑपरेशन हेमपुष्प शर्मा ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के नगरोटा टोल प्लाजा पर चार आतंकियों के मारे जाने के बाद जिला पुलिस सतर्क हो गई है। आतंकियों के सांबा क्षेत्र में निकलने की बात सामने आने पर जिला पुलिस प्रमुख ने सुरक्षा-व्यवस्था मजबूत करने की रणनीति बनाई है, जिसके तहत सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घातक के साथ डेल्टा कमांडो टीम की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की है कि संदिग्ध व्यक्ति व वस्तु मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।