बच्चों से भरी वैन सड़क हादसे का शिकार हुई।
मोगा के थाना कोटइसे खां के अधीन पड़ते गांव जनेर के पास गुरुवार सुबह मोगा के एक निजी स्कूल की बच्चों से भरी वैन सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे का कारण धुंध के चलते महज 20 मीटर की विजीबिलिटी को बताया जा रहा है। हादसे के दौरान बस में सवार करीब 40 बच्चों में से तीन बच्चों को ज्यादा चोटें आने के चलते सिविल अस्पताल मोगा से लुधियाना रेफर कर दिया गया।
सिविल अस्पताल में उपचारधीन स्कूल वैन चालक कुलदीप सिंह ने बताया कि वह मोगा में सेक्रेट हार्ट स्कूल की वैन चलाता है। गुरुवार सुबह वह कस्बा कोटइसे खां से बच्चों को स्कूल के लिए लेकर आ रहा था तो इस दौरान जैसे ही वह गांव जनेर के पास पहुंचे तो धुंध के कारण विजीबिलिटी कम थी और सामने से एक ट्रक आ रहा था।
इस दौरान ट्रक से टक्कर न हो जाए तो बचाव के लिए जैसे ही उसने वैन को सड़क किनारे किया तो संतुलन बिगड़ने के कारण वैन सड़क से नीचे उतर खेतों में जाकर पलट गई। जिसके चलते वैन में सवार स्कूली बच्चे घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवा सोसाइटी के सदस्य मौके पर पहुंचे और घायल बच्चों को सिविल अस्पताल में लाया गया। जबकि कुछ अभिभावकों ने अपने घायल बच्चों को मोगा के निजी अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल करा दिया। वहीं तीन बच्चों को ज्यादा चोटें आने के कारण उनके अभिभावक अपने बच्चों को लुधियाना रेफर करवा ले गए।
पूरे घटनाक्रम के चलते सिविल अस्पताल में विधायक हरजोत कमल की पत्नी रजिंदर कौर, पूर्व कृषि मंत्री जत्थेदार तोता सिंह व अन्य गणमान्य बच्चों का हाल जानने के लिए पहुंचे। इस मामले में थाना कोटइसे खां के प्रभारी अमरजीत सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि स्कूल मैनेजमेंट व वैन चालक ने पुलिस में बयान दर्ज करने से इंकार कर दिया है, जैसे ही ट्रक चालक के खिलाफ उनके पास कोई शिकायत आएगी वह कार्रवाई करेंगे।
दूसरे मामले में गुरुवार की सुबह घनी धुंध धर्मकोट में हादसे का कारण बन गई। जानकारी के अनुसार धर्मकोट से जालंधर की ओर जा रही ट्रैक्टर ट्राली पर पीछे से कैंटर ने टक्कर मार दी। इसके बाद एक स्कॉर्पियो गाड़ी व एक अन्य कार टकरा गई। इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को खासी चोट नहीं आई, लेकिन बड़ा हादसा होते होते टल गया।