शहर के शिव चौक पर ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से एक स्कूली छात्र की मौके पर मौत हो गई। जबकि इस हादसे में एक साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बेरी कस्बे के सबसे व्यस्त इलाके शिव चौक पर उस समय हुआ, जब छात्र घर से तैयार होकर सुबह स्कूल के लिए निकला था।
मृतक बेरी के ही एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था। बताया जा रहा है कि दुर्घटना को अंजाम देने वाला ट्रैक्टर चालक मौके से फरार है। वहीं घायल हुए साइकिल सवार को बेरी के नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बेरी के शिव चौक पर दूबलधन निवासी हर्षित पुत्र मेहर सिंह शनिवार की सुबह करीब नौ बजे पैदल स्कूल में जा रहा था। अभी वह शिव चौक पर पहुंचा कि पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने अनियंत्रित होकर एक अन्य साइकिल सवार वेदराम व उसे टक्कर मार दी। ट्राली छात्र के ऊपर से गुजर गई। जबकि दूसरे साइकिल सवार व्यक्ति को टक्कर मार दूर फेंक दिया। छात्र हर्षित की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल में भेज दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल वेदराम को बेरी के नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई। छात्र के आई कार्ड से घर का नंबर लेकर परिजनों को सूचना दी गई।
दो बहनों का इकलौता भाई था हर्षित
स्कूल जाते हुए ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर मौत का शिकार हुआ 12 वर्षीय छात्र हर्षित गांव दूबलधन का रहने वाला था। हर्षित आठवीं कक्षा का छात्र था और दो बहनों का इकलौता भाई था। वहीं हादसे में घायल वेदराम बेरी कस्बे में पिछले लंबे समय से गोल गप्पे की रेहड़ी लगाता है। वेदराम ने बताया कि हादसे का शिकार होने से एकदम पहले ही वह अपनी साइकिल में हवा भरवाकर दो कदम ही चला था कि पीछे से तेज रफ्तार टैक्ट्रर-ट्राली ने टक्कर मार दी।
शिव चौक पर ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से छात्र की मौत की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल का मुआयना किया गया और मृतक छात्र के पिता के बयान पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। झज्जर के नागरिक अस्पताल में छात्र के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया।
-प्रीतम सिंह, एएसआई, जांच अधिकारी बेरी थाना।