आग की चपेट में आने से जलकर खाक हुई बस
लुधियाना के सलेम टाबरी के खजूर चौक स्थित अशोक नगर में बुधवार दोपहर जीआरडी अकादमी स्कूल की बस बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। रास्ते में तारों से टकराई बस को अचानक आग लग गई। लोगों ने बस में सवार करीब 6 बच्चों को बाहर निकाला।
बस का ड्राइवर भी जान बचाकर बाहर निकला। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। बच्चों के परिजनों को तुरंत सूचना दे दी गई और वह घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ समय बाद सभी लोग अपने बच्चों को लेकर वहां से चल दिए।
जानकारी के अनुसार जीआरडी अकादमी स्कूल की बस रोजाना की तरह बुधवार दोपहर को भी सलेम टाबरी इलाके में बच्चे छोड़ने के लिए जा रही थी। जब बस अशोक नगर के पास पहुंची तो बस ऊपर से गुजर रही तारों से टकरा गई। तारों से टकराने के बाद निकली आग ने बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस में आग लगते ही आसपास के लोगों ने शोर मचा दिया। इसी दौरान बस का ड्राइवर बाहर निकल आया।
उसने लोगों के साथ मिलकर बच्चों को काफी मुश्किल से बाहर निकाला। जब तक लोग बच्चों को बाहर निकालते आग ने बस को पूरी तरह से जकड़ लिया था। बस सड़क के बीचों बीच धू-धू कर जलती रही।
लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश तो की लेकिन बस पूरी तरह से जल चुकी थी। इसी दौरान सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। उन्होंने कुछ समय बाद आग पर काबू पा लिया था लेकिन बस पूरी तरह से राख हो चुकी थी।