टीवी चैनलों पर रियालिटी शो के बीच में आने वाले ब्रेक के भी कई तरह के मायने होते हैं। एक घंटे के रियालिटी शो को शूट करने के लिए पूरा दिन भी कम पड़ता है। रियालिटी शो अगर म्यूजिक का हो तो ये ब्रेक पीरियड काफी लंबे हो जाते हैं। हम बताते हैं आपको जीटीवी पर प्रसारित होने वाले सिंगिंग रियालिटी शो 'लिटिल चैंप्स' की लाइव शूटिंग का आंखों देखा हाल।
सेट का सेटअप
लिटिल चैंप्स के सेट पर आसपास प्रोडक्शन टीम की भीड़ है। कैमरों से पूरे मंच पर फोकस है। तभी डायरेक्टर कट, कट कहते हुए शूटिंग रोक देते हैं। सेट के सामने लगी एलसीडी में बाकायदा स्क्रिप्ट चलती है, जिसे देखकर अनाउंसर बोलता है। यहां अनाउंसर आदित्य नारायण हैं, जो बच्चों के काफी फेवरेट हैं। शो में अब टॉप-8 कंटेंस्टेंट अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं।
छोटे सिंगर की बड़ी दिक्कत
शो में हिस्सा ले रहे छोटे सिंगरों की बड़ी दिक्कत ये है कि लाइव परफार्मेंस के दौरान उन्हें बार-बार सुर लंबे समय तक संभालने पड़ते हैं। टीवी पर पांच मिनट के लिए आने वाले ब्रेक रियलिटी में काफी लंबे होते हैं। लिहाजा, मंच पर प्रस्तुत करने वाले गीतों के सुर का रियाज उन्हें बार-बार करना पड़ता है। भले ही वे स्टेज पर हों, या साइड में चेयर पर। अमूमन हर परफार्मेंस के बाद 15 मिनट का ब्रेक तो मिलता ही है। अगर कोई तकनीकी समस्या आ जाए तो ये ब्रेक लंबे समय तक चलते हैं।
रियाज करती रह गई अनुरिता
रिद्धम के साथ परफार्मेंस देने गई लिटिल स्टार अनुरिता। अनुरिता को क्लासिकल गीत अलबेला सजन आयो रे गाना था। इसी बीच तकनीकी समस्या आई और बेचारी अनुरिता स्टेज पर उस क्लासिकल गीत का रियाज करती ही रह गई। करीब एक घंटे बाद शूटिंग दोबारा शुरू हुई, तब जाकर उसने परफार्मेंस दी।