चंडीगढ़। अनलॉक-1 के दूसरे दिन मंगलवार को शहर के ज्यादातर सैलून खुल गए। हालांकि पहले दिन प्रशासन के निर्देश के मुताबिक ज्यादातर सैलून संचालकों ने दुकानों की साफ-सफाई के साथ सैनिटाइजेशन का काम ही किया। इक्का-दुक्का दुकानों पर ही लोगों के बाल काटे गए। मंगलवार का दिन होने के चलते भी लोगों ने सैलून का रुख नहीं किया। हालांकि कई लोगों ने बुधवार को कटिंग और सेविंग के लिए फोन पर सैलून संचालकों से अप्वाइंटमेंट ले ली है।
बड़े सैलून संचालकों ने डिस्पोजेबल सीट के साथ ग्राहकों के बाल काटने के इंतजाम किए हैं। वहीं, कई सैलून संचालकों ने लोगों से अपील की है कि वह अपने साथ घर से ही तौलिया लेकर आएं ताकि किसी तरह के संक्रमण का खतरा न रहे। क्रिएटिव लुक्स हेयर एंड ब्यूटी यूनिसेक्स सैलून के संचालक मोहम्मद इरशाद ने बताया कि मंगलवार को सैलून खोलकर हमने साफ-सफाई के साथ सैनिटाइजेशन का काम किया। प्रशासन के निर्देश के मुताबिक, पहले दिन ग्राहकों को सैलून में प्रवेश नहीं करने दिया गया। वहीं, बालों की कटिंग और सेविंग के लिए हम प्रशासन के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे। खास डिस्पोजल शीट पहनाकर बालों की कटिंग की जाएगी। हमारे कर्मचारी सुरक्षा किट पहनकर और फेस शील्ड लगाकर बाल काटेंगे। दुकान में एक बार में पांच लोगों की ही एंट्री दी जाएगी और दो ग्राहकों के बीच तय दूरी का पालन किया जाएगा।
क्या कहते हैं ग्राहक
--------------------------
लॉकडाउन के दौरान बालों के रखरखाव में काफी परेशानी आ रही थी। लॉकडाउन के बाद अब सैलून में आई हूं। सैलून में आने से पहले ही नंबर लगवा लिया था। आज मैंने दोनों बेटों के भी बाल कटवाए। खुद बालों का स्पा भी करवाई। सैलून में सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
- आशा
बाल कटवाने के लिए पहली बार लॉकडाउन के बाद निकला हूं। सैलून में सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जा रहा है। डिस्पोजल शीट पहनाकर बाल काटा जा रहा है। साथ ही औजारों को भी सैनिटाइज किया जा रहा है। कर्मचारी भी सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग कर रहे हैं।
-शिवम
लॉकडाउन के दौरान घर से बाहर पहली बार निकला हूं। वह भी बाल कटवाने। मां साथ में हैं। बाल काफी बड़े हो गए थे। इससे परेशानी हो रही थी। अब राहत मिली है।
-श्रीहरि,
-------------------------------------------------------------------
फोन पर कर रहे बुकिंग, ग्राहकों को दे रहे अलग-अलग समय
स्वीटी ब्यूटी पार्लर की संचालिका स्वीटी कोहली ने बताया कि सोमवार शाम को प्रशासन द्वारा जारी किए निर्देशों के अनुसार, पार्लर खोलने की अनुमति मिली है। अनुमति मिलने के साथ ही ग्राहकों के फोन आने शुरू हो गए हैं। नियमित कस्टमरों की फोन पर बुकिंग शुरू कर दी गई है। हम भी अपनी तथा अपने ग्राहकों की सेहत को लेकर फिक्रमंद हैं इसलिए सोशल डिस्टेंस को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग समय पर बुकिंग की है। अभी तक 15 लोगों को समय दिया गया है। फिलहाल आईब्रो तथा वैक्सिंग की ज्यादा बुकिंग हुई है। कस्टमर के साथ खुद को और औजारों को भी सैनिटाइजर कर रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से हाथ में ग्लव्ज, फेस तथा सिर पर मास्क लगा कर पूरे-पूरे दिशा निर्देश का पालन कर के काम शुरू किया है।
कोट
मैं जीरकपुर में रहती हैं। शादी से पहले ही स्वीटी ब्यूटी पार्लर में आती रहती हूं। हमेशा इसी ब्यूटी पार्लर में मेकअप कराती हूं। सैलून खुलने की खबर मिलने पर फोन पर बुकिंग करवाई है। संचालिका का कहना है कि उन्होंने सुरक्षा के सभी मानकों को पूरा कर लिया है।
-मीनाक्षी शर्मा, निवासी जीरकपुर
काफी समय से इस ब्यूटी पार्लर में आती रही हूं। तीन महीनों से कहीं आना जाना नहीं था। आइब्रो की काफी ग्रोथ हो चुकी थी। सैलून खुलने की खबर सुनकर राहत की सांस ली है। फोन पर बुकिंग करवाई। पार्लर में सुरक्षा का ध्यान रखा जा रहा है।
-नमिका खन्ना चंडीगढ़ निवासी