इस बार सजोबा रैली में कई रोमांचक रूटों से होते हुए ड्राइवरों को अग्नि परीक्षा देनी होगी। इसका शेड्यूल जारी हो गया है। देश की सबसे पुरानी रैली में से एक सजोबा की रैली में देशभर से बेहतरीन ड्राइवर भाग लेने पहुंच रहे हैं। रैली 10-12 मार्च से चलेगी। इस बार दो कैटेगरी टीएसडी और एक्सट्रीम में रैली का फ्लैग ऑफ किया जाएगा। पहले दिन 10 मार्च को रैली में हिस्सा लेने वाली सभी ड्राइवरों की गाड़ियों की स्क्रूटनी होगी।
इसके बाद टाइम स्पीड डिस्टेंस (टीएसडी) का फ्लैग आफ शहर से 90 किमी दूर सोलन जिले की कुनिहार वैली से होगा। तीन दिनों की रैली में ड्राइवर्स लगभग 450 किलोमीटर का सफर तय करते हुए 13 मार्च को सेंट जोंस स्कूल सेक्टर 26 में पहुंचेगे। यहीं पर रैली के विभिन्न वर्गों के विजेताओं का चयन किया जाएगा। रैली में जिप्सी, कार, बाइक सवार शामिल होंगे।
नए रोमांचक रूट
इस बार रैली को और अधिक रोमांचक बनाने केलिए आयोजकों की ओर से नए रूटों का चयन किया गया है। सोलन जिले के कुनिहार से शुरू होकर यह रली शिमला के निचली साइडों से होती कोटी, चायल, सोलन, धर्मपुर होते हुए वापस चंडीगढ़ स्थित सेंट जोंस स्कूल सेक्टर 26 पहुंचकर खत्म होगी। इन चुनौतीपूर्ण रास्तों से होकर ड्राइवरों को निकलना होगा।
तैनात रहेंगे मार्शल
रैली के सभी रूटों पर मार्शल तैनात रहेंगे, ताकि आम पब्लिक को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अतिरिक्त मेडिकल टीमों का भी गठन किया है। एंबुलेंस के साथ डॉक्टर भी रैली के साथ साथ चलेंगे ताकि किसी भी दुर्घटना से निपटा जा सके।