113 परियोजनाओं को दी मनोहर लाल ने दी प्रशासनिक मंजूरी
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने सात जिलों में ग्रामीण संवर्धन और महाग्राम योजना के तहत 113 नई परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं पर 121 करोड़ रुपये खर्च होंगे। ये परियोजनाएं यमुनानगर, पंचकूला, अंबाला, फरीदाबाद, झज्जर, भिवानी और दादरी में शुरू होंगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को यहां जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से क्रियान्वित की जाने वाली 113 परियोजनाओं को प्रशासनिक मंजूरी दी है। दो परियोजनाएं महाग्राम योजना के तहत और 108 परियोजनाओं को ग्रामीण संवर्धन कार्यक्रम के तहत स्वीकृत दी। इसके अलावा तीन परियोजनाएं सीवरेज और स्वच्छता के तहत स्वीकृत हैं।
भिवानी : दादरी और भिवानी में खर्च होंगे 100 करोड़
चरखी दादरी और भिवानी में दो परियोजनाओं पर 100.09 करोड़ खर्च किए जाएंगे। दो परियोजनाओं में जल आपूर्ति योजना बौंद कलां का विस्तार, पंपिंग और डीआई पाइप लाइनें बिछाकर लोहारू नहर से गांव बौंद कलां, बास, बौंद खुर्द में चार मौजूदा जल कार्यों के लिए पानी उपलब्ध कराना शामिल है। इस पर 69.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी तरह से गांव धनाना, जिला भिवानी में सीवरेज सुविधा और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण पर 33.39 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यमुनानगर, झज्जर और फरीदाबाद में सीवरेज और स्वच्छता की तीन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।
फरीदाबाद में बनेगी 1.49 करोड़ रुपये में प्रयोगशाला
परियोजनाओं में फरीदाबाद के डिवीजन कार्यालय में 1.49 करोड़ रुपये की लागत से प्रयोगशाला का निर्माण करवाया जाएगा। इसी तरह से यमुनानगर में प्रयोगशाला उपकरणों की खरीद सहित नई जिला स्तरीय अपशिष्ट जल परीक्षण प्रयोगशाला पर 1.01 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। झज्जर के बहादुरगढ़ में शहरी और ग्रामीण जल आपूर्ति के लिए पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग में प्रयोगशाला भवन के निर्माण पर 60.41 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
ग्रामीण संवर्धन कार्यक्रम : 108 परियोजनाओं को दी मंजूरी, खर्च होंगे 18.07 करोड़
ग्रामीण संवर्धन कार्यक्रम के तहत प्रमुख परियोजनाओं में पंचकूला के ब्लॉक बरवाला के गांव खेतपुराली में एक ट्यूबवेल लगवाने पर 17.42 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी तरह से पंचकूला के बरवाला ब्लाॅक के गांव नग्गल मोगीनंद में ट्यूबवेल लगवाने पर 17.43 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पंचकूला के टोडा गांव में जलापूर्ति की लाइनें बिछाने पर 22.36 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यमुनानगर के ब्लॉक प्रताप नगर पूर्ण सीवरेज सुविधा और एसटीपी के निर्माण पर 23.87 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
अंबाला के इन गांवों में होंगे विकास कार्य
अंबाला के गांव जैतपुरा में पुरानी क्षतिग्रस्त एसी, पीवीसी पाइप लाइनें की जगह डीआई जल आपूर्ति पाइप लाइनों के बिछाने पर 63.22 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। अंबाला के नारायणगढ़ के गांव कलाल माजरा में पाइप लाइन बिछाने पर 24.98 लाख रुपये और अंबाला के नगावां गांव की कच्ची गलियों में नई जल आपूर्ति पाइप लाइनें पर 21.18 लाख और अंबाला के गांव पुल्लेवाला में पुरानी जल आपूर्ति लाइनों को बदलने पर 24.44 लाख रुपये और यमुनानगर के गांव राजपुर की कच्ची गलियों में नई जल आपूर्ति लाइनें बिछाने पर 23.82 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी तरह, नारायणगढ़ के सुंदरपुर गांव में नई जल आपूर्ति पाइप लाइनें (बिना ढके) बिछाने व सीवरेज पर 23.36 लाख, गांव शहजादपुर के पानी की आपूर्ति व सीवरेज पर 23.63 लाख रुपये, अंबाला के गांव तंडवाल में मौजूदा पुरानी एसी, पीवीसी जलापूर्ति लाइनों को बदलने व डीआई बिछाने पर 23.94 लाख रुपये और यमुनानगर के गांव तेवर में जल आपूर्ति पाइप लाइन पर 24.97 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, पंचकूला के (धानी) में जल आपूर्ति पाइप लाइनें और अंबाला के तोका गांव में (एफएचटीसी) जल आपूर्ति पर लाइनों पर 21.98 लाख रुपये, अंबाला मोहरा गांव में एसी, पीवीसी की पुरानी जल आपूर्ति पाइप लाइन को बदलने पर 91.16 लाख रुपये खर्च होंगे।