चंडीगढ़। हरियाणा की महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सराहनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली हरियाणवी प्रतिभाओं को पुरस्कार बांटे जाएंगे।
ढांडा ने यह बात अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिए जाने वाले पुरस्कारों को लेकर गठित कमेटी की बैठक के दौरान कही। उन्होंने कहा कि ‘सुषमा स्वराज पुरस्कार‘ हासिल करने वाली महिला को पांच लाख रुपये की राशि, शॉल व प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर साल आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर हरियाणा सरकार ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिक्षा, सांस्कृतिक, गायन, कला, चिकित्सा, समाज कल्याण, जागृति जागरण, सशक्तिकरण, खेल, पर्वतारोहण समेत विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश का नाम रोशन करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाता है। बैठक में हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की मानद महासचिव रंजीता मेहता, महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त एवं सचिव अमनीत पी. कुमार, विभाग की निदेशक मोनिका मलिक समेत अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।