आम आदमी पार्टी के श्री आनंदपुर साहिब लोक सभा सीट से उम्मीदवार एडवोकेट हिम्मत सिंह शेरगिल के लिए आप के राष्ट्रीय नेता योगेन्द्र यादव ने शहर में रोड शो निकाला।
इस दौरान उन्होंने शेरगिल के लिए समर्थन की अपील की। वीरवार को निकाले गए रोड शो में भारी संख्या में लोग शामिल हुए।
रोड शो फेज-11 से शुरू हुआ। इसके बाद फेज-10, फेज-9, फेज-8 से शापिंग स्ट्रीट फेज-7 होता हुआ फेज-5 की मार्केट में आकर संपन्न हुआ।
रोड शो के दौरान फेज-5 की मार्केट में आयोजित जनसभा में यादव ने कहा कि पंजाब को कांग्रेस और अकाली-भाजपा की लूट से बचाना है तो आम आदमी पार्टी की हिमायत करना समय की जरूरत है। क्योंकि भ्रष्टाचार, महंगाई, भाई-भतीजावाद कांग्रेस और अकाली-भाजपा पार्टियों की देन है।
उन्होंने कहा कि देश के वर्तमान हालात में आम आदमी पार्टी को देश की सेवा करने का मौका देने का समय आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में मौजूदा गुट और विरोधी गुट सत्ता हथियाने के लिए वोटरों में शराब और पैसे बांट रहे हैं।
यादव ने कहा कि पंजाब के लोग राज्य की भ्रष्ट सरकार से छुटकारा पाने के लिए आम आदमी पार्टी के हक में चल पड़े हैं।
इस दौरान उन्होंने हलके से आप उम्मीदवार हिम्मत सिंह शेरगिल को भारी मतों से जीताने की अपील की।
रोड शो के बाद हुई सभा में सोशलिस्ट पार्टी इंडिया की राष्ट्रीय कार्यकारिणी कमेटी के सदस्य अशोक निर्दोष और पार्टी की चंडीगढ़ मोहाली इकाई के महासचिव नरिंदर पुरी ने शेरिगल को समर्थन देने का एलान किया।
इस मौके पार्टी के कनवीनर अजीत सिंह भम्बरा, एक्स सर्विसमैन सेल के कर्नल बीएस सोही, दर्शन सिंह धालीवाल आदि मौजूद थे।