जीरकपुर-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव चंडीकोटला के पास मंगलवार को सुबह एक ट्रक ने दो बाइक सवारों को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त काका खान, गांव हंगोली, पंचकूला और बीरबल खान, जींद के रूप में हुई है। बीरबल फौज में था और गांव हंगोली में छुट्टियां लेकर अपने ससुराल आया हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों पंचकूला से पिंजौर जा रह थे।
बाइक सवार जैसे ही चंडीमंदिर की ट्रैफिक लाइट क्रॉस करने के बाद कुछ ही दूरी पर गांव चंडीकोटला के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना में ट्रक दोनों को कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। लेकिन वहां से गुजर रहे पूर्व एसडीएम, कालका, आशुतोष राजन ने घटना स्थल से करीब दो किलोमीटर दूर तक पीछा कर गांव रामपुर सियूडी के पास ट्रक को रोका। लेकिन ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। इस दर्दनाक घटना के बाद पंचकूला की ओर से आ रहे वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं और पिंजौर की ओर लंबा जाम लग गया।