हलका बल्लूआना के अंतर्गत पड़ते सीतो-डाबवाली मार्ग पर पेट्रोल पंप समीप मोबाइल सुनते एक बाइक सवार युवक नेत्र चिकित्सालय की वैन से टकरा गया।
इस दौरान बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि वैन अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े एक पेड़ से टकरा कर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस वैन में सवार आठ स्वास्थ्य कर्मचारी घायल हो गए। उन्हें श्रीगंगानगर के अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
जानकारी के अनुसार श्रीगंगानगर के जगदंबा नेत्र चिकित्सालय की वैन में 8 स्वास्थ्य कर्मचारी सवार होकर भीटीवाला के डेरा बाबा टहलदास में हर शुक्रवार को लगने वाले नेत्र जांच कैंप लगाने जा रहे थे।
शुक्रवार सुबह लगभग 10:30 बजे जैसे ही उनकी वैन सीतो-डाबवाली रोड पर बीडी इंटरप्राइसिस नामक पेट्रोल पंप के सामने पहुंची। इस दौरान तेज गति से आ रहा मोटरसाइकिल सवार युवक की उक्त वैन से टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उक्त युवक पेट्रोल पंप से निकलते समय मोबाइल सुन रहा था। दोनों वाहनों की टक्कर इतनी भयंकर थी, जबकि उस पर सवार गांव हिम्मतपुरा निवासी करीब 30 वर्षीय रघुविंद्र बुरी तरह से घायल हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
वहीं वैन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार 8 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे लोगों ने गंभीर घायल रघु को अबोहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया जहां उसने दम तोड़ दिया जबकि वैन सवार घायलों को श्रीगंगानगर के अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
सूचना मिलते ही सीतो गुन्नो चौकी के प्रभारी एएसआई गुरचरण सिंह पुलिस पार्टी समेत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी।