रजिस्टरिंग एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए) की तरह स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (एसटीए) की ओर से कामर्शियल वाहनों के लिए फैंसी नंबरों की नीलामी करने के लिए की गई कोशिश विफल रही।
एसटीए ने कामर्शियल वाहनों की नई सीरीज सीएच-01-टीए के फैंसी नंबरों के लिए आवेदन मंगवाए, लेकिन एसटीए के पास दो नंबरों के लिए ही आवेदन आए।
इस वजह से बुधवार को होने वाली नीलामी अब नहीं होगी। एसटीए के इस प्रयास से यह भी साबित हो गया कि स्कूल बस, ट्रक या ऑटो रिक्शा के लिए कोई भी वीआईपी नंबर लेना नहीं चाहता है।
एसटीए ने कुछ साल पहले भी कामर्शियल वाहनों के वीआईपी नंबरों की नीलामी का प्रयास किया था। तब भी आवेदन नहीं आए थे।
एसटीए ने कामर्शियल और ट्रांसपोर्ट वाहनों के मालिकों से नई सीरीज के लगभग 250 फैंसी नंबरों के लिए 9 से 13 दिसंबर तक आवेदन मांगे थे। इस दौरान एसटीए के पास सिर्फ एक ही व्यक्ति ने दो अलग अलग नंबरों के लिए आवेदन किया। इनमें 0001 और 0007 नंबर शामिल हैं।
एसटीए के सचिव महावीर कौशिक ने कहा कि एसटीए के राजस्व में बढ़ोतरी के लिए उन्होंने प्रयास किया था कि कामर्शियल वाहनों के फैंसी नंबरों की भी नीलामी हो जाए। लेकिन, रिस्पांस नहीं मिला और सिर्फ एक ही व्यक्ति के दो आवेदन आए।