महाराष्ट्र आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने नांदेड़ जिले में 2016 में हुई गोलीबारी के एक मामले में वांछित बब्बर खालसा से जुड़े एक आतंकी को मंगलवार को बठिंडा जेल से हिरासत में लिया। पंजाब पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दिलप्रीत सिंह ओंकार सिंह दाहन को बठिंडा सेंट्रल जेल से हिरासत में लिया गया है। महाराष्ट्र एटीएस बुधवार को मुंबई की अदालत में पेश करेगी।
दाहन पर अगस्त 2016 के दौरान मध्य महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर में गोलीबारी में शामिल होने का आरोप है। इस मामले का मास्टरमाइंड हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा इस समय फरार है और वह पाकिस्तान में छिपकर अपराधों को अंजाम दे रहा है। जांच में बब्बर खालसा से रिंदा के संबंधों का पता चलने के बाद इस साल मई में यह मामला महाराष्ट्र पुलिस ने राज्य एटीएस को ट्रांसफर कर दिया था। महाराष्ट्र एटीएस अब बुधवार को दाहन को मुंबई की अदालत में पेश कर उसे रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी।
यह है मामला
पंजाब पुलिस के पास पहुंचे विवरण के अनुसार, अवतार सिंह उर्फ मन्नू नामक व्यक्ति को रिंदा और उसके साथियों ने इस संदेह के आधार पर गोली मार दी थी कि वह एक प्रतिद्वंद्वी गिरोह की मदद कर रहा है। इस वारदात के दौरान क्रॉस फायरिंग में एक पुलिसकर्मी समेत दो अन्य लोग भी घायल हो गए थे।