पुलवामा आतंकी हमले का असर हुसैनीवाला बार्डर पर होने वाली रिट्रीट सेरेमनी में भी दिखा। आंखें दिखाने, सीना तानने और मूछों को ताव देने जैसे इशारों के बाद पाक के एक रेंजर ने भारतीय जवान की तरफ राइफल तानी। इसके बाद भारतीय दर्शकों ने पाक के खिलाफ नारेबाजी की। हुसैनीवाला बार्डर पर शुक्रवार शाम साढ़े चार बजे शुरू हुई रिट्रीट सेरेमनी में भारतीय जवान के एक्शन में आतंकी हमले का गुस्सा साफ नजर आ रहा था।
पाक रेंजर भी काफी भद्दे एक्शन और इशारे कर रहे थे। एक पाक रेंजर ने गुस्से में भारतीय जवान की तरफ राइफल तान इशारा किया। इस पर पाक में बैठे दर्शकों ने तालियां और नारे लगाए। इसके जवाब में भारतीय दर्शकों में से एक सिख ने खड़े होकर ऊंची आवाज में बोले सो निहाल सत श्री अकाल का नारा लगाया। इस नारे के बाद पाक रेंजरों के एक्शन और इशारे और भी ज्यादा भद्दे हो गए। एक पाक रेंजर ने अपने दोनों हाथों से इस तरह इशारा किया जैसे तलवार चला रहा हो।