हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश के करीब एक सौ से अधिक प्राइवेट स्कूलों के दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम रोक दिए हैं। इन विद्यार्थियों का रिजल्ट लेट दिखाया गया है। शिक्षा बोर्ड ने बुधवार को दसवीं और 12वीं कक्षा के परिणाम घोषित किए हैं। विभाग के इस रवैये पर प्राइवेट स्कूल संघ ने कड़ा ऐतराज जताया है।
हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ के प्रदेशाध्यक्ष सत्यवान कुंडू ने कहा है कि बोर्ड के अधिकारियों द्वारा हाल ही में निजी स्कूलों का औचक निरीक्षण किए जाने के दौरान काफी संख्या में विद्यार्थियों के गैरहाजिर पाए जाने पर स्कूलों को नोटिस जारी किया गया था। इसके जवाब में संबंधित स्कूलों ने भी नोटिस के उत्तर शिक्षा विभाग को भेज दिए थे।
इसके बाद भी विभाग ने गैरजिम्मेदाराना कार्रवाई करते हुए निजी स्कूलों के विद्यार्थियों को मुश्किल में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा परिणाम रोकने से स्कूल संचालकों के साथ-साथ अभिभावक और विद्यार्थी भी चिंतित हैं।
संघ के प्रदेशाध्यक्ष ने बोर्ड प्रशासन के इस कदम की निंदा करते हुए कहा कि बोर्ड जानबूझ कर प्राइवेट स्कूल संचालकों को परेशान कर रहा है। उन्होंने बोर्ड के सचिव और अध्यक्ष से प्राइवेट स्कूलों के बच्चों का परीक्षा परिणाम तुरंत जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर वीरवार सुबह तक बच्चों का परीक्षा परिणाम जारी नहीं हुआ, तो प्राइवेट स्कूल संघ का प्रतिनिधिमंडल उक्त अधिकारियों से मुलाकात कर विरोध जताएगा।