एक अगस्त से पंजाब के 43.18 लाख परिवार को केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत बीमा योजना का फायदा मिलने जा रहा है। पंजाब सरकार की ओर से एक अगस्त से इसका रजिस्ट्रेशन शुरू किया जाएगा। यह जानकारी डीसी प्रदीप अग्रवाल ने दी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत लुधियाना के 4.49 लाख परिवारों को फायदा होगा।
इसमें 2.18 लाख एसईसीसी, 1.66 लाख नीला कार्ड धारक, 40 हजार किसान, 10 हजार छोटे व्यापारी और 15 हजार मजदूर परिवार शामिल होंगे। बीमा योजना लागू करने के लिए सरकार ने इफ्को टोक्यो बीमा कंपनी के साथ समझौता किया है। कैश लेस बीमा योजना के तहत एक परिवार 5 लाख रुपये तक का उपचार करवा सकता है। लुधियाना के 16 सरकारी और 26 निजी अस्पताल के साथ समझौता किया गया है।
डीसी अग्रवाल के अनुसार इस योजना के तहत रजिस्ट्रेशन करवाने वाले परिवार को गोल्डन कार्ड जारी किया जाएगा। यह योजना आम लोगों के लिए बहुत फायदेमंद है। इसकी जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन की तरफ से अस्पताल में विशेष होर्डिंग लगाए जा रहे हैं।
वहीं ज्यादा जानकारी देने के लिए हेल्प डेस्क की स्थापना भी की जा रही है। योजना के तहत रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए सूबे में 9 हजार कम्युनिटी सर्विस सेंटर तैयार किए जाएंगे।
इन रजिस्ट्रेशन सेंटर पर व्यक्ति आधार कार्ड, किसान जे फार्म, व्यापारी पैन कार्ड और मजदूर बिल्डिंग एंड अदर कंस्ट्रक्शन वर्कर वेलफेयर बोर्ड की तरफ से जारी रजिस्ट्रेशन और नीला कार्ड साथ लेकर जा सकते है। सफल रहने वाले लोगों को ई कार्ड जारी किया जाएगा।