सेक्टर 6 के जनरल अस्पताल में बुधवार से ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर पर आधार कार्ड के साथ रजिस्ट्रेशन करवाने वाले मरीजों के लिए एक अलग लाइन की शुरुआत की गई है। इससे मरीजों के समय की काफी बचत होगी।
अगर एक बार आधार कार्ड नंबर बताकर मरीज ओपीडी रजिस्ट्रेशन कराते हैं तो उनका का पूरा डिटेल अस्पताल के ऑनलाइन सिस्टम में दर्ज हो जाएगा। यह डाटा एक साल तक कंप्यूटर के रिकार्ड में दर्ज रहेगा।
अस्पताल की ओर उस मरीज को एक स्पेशल रजिस्ट्रेशन नंबर दिया जाएगा। उसी रजिस्ट्रेशन नंबर को दिखाकर वह अगली बार अस्पताल में अपनी एंट्री करवा सकता है। उस समय उसे रजिस्ट्रेशन काउंटर पर अपना पूरा डिटेल नहीं बताना पड़ेगा। क्योंकि अस्पताल की ओर से दिए गए रजिस्ट्रेशन नंबर को बताते ही उसका पूरा डिटेल कंप्यूटर स्क्रीन पर होगा।
हर साल नंबर को रिन्यू कराने के लिए पांच रुपये अस्पताल में जमा करवाना पड़ेगा। इस पंजीकरण नंबर को बताकर वह अपना इलाज प्रदेश के सभी सिविल अस्पतालों में करा सकता है। बता दे कि अगर कोई मरीज अस्पताल की ओर से दिए गए पंजीकरण नंबर को भूल जाता तो वह आधार नंबर बताकर भी अपना इलाज करा सकता है।
वीना सिंह, पीएमओ जनरल अस्पताल सेक्टर 6 पंचकूला ने बताया कि एक बार आधार नंबर के साथ रजिस्ट्रेशन कराने के बाद मरीज का पूरा डिटेल ऑन लाइन सिस्टम में दर्ज हो जाएगा। उस मरीज को एक रजिस्ट्रेशन नंबर दिया जाएगा। उसी रजिस्ट्रेशन नंबर को बताकर मरीज अगली बार अपना इलाज करा सकता है। उसे अपना पूरा डिटेल नहीं बताना पड़ेगा।