पंजाब पुलिस भर्ती प्रक्रिया में पहली बार प्रतिभागियों का डोप टेस्ट
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के 7 जिलों में पुलिस भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन 2303 प्रतिभागी ट्रायल के लिए पहुंचे, जिनमें से 92 डोप टेस्ट में फेल हो गए। जिले वार भर्ती का ब्यौरा इस प्रकार है।
कपूरथला में पहले दिन 358 उम्मीदवार, 11 डोप टेस्ट में फेल
पुलिस की वर्दी पहनने के लिए बुधवार को पहले दिन 358 उम्मीदवार मैदान में उतरे। कपूरथला के कांजली रोड स्थित पुलिस लाइन में भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई है। पहले दिन हुए डोप टेस्ट में 11 अभ्यर्थी असफल रहे। जिला पुलिस भर्ती बोर्ड के चेयरमैन-कम-एसएसपी कपूरथला राजिंदर सिंह की देखरेख में भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई।
एसएसपी ने बताया कि सबसे पहले प्रतिभागियों का डोप टेस्ट करने के लिए दो डॉक्टर और 10 लैब टेक्नीशियन तैनात किए गए हैं। जिनमें नशीले पदार्थ या सिंथेटिक ड्रग्स नहीं, बल्कि मेडिकल नशा मिला है उन्हें दोबारा रिव्यू किया जाएगा। जिले भर से 8500 युवाओं ने पुलिस के विभिन्न पदों के लिए आवेदन किया है। यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।
इस भर्ती प्रक्रिया को मुकम्मल करने के लिए सुरक्षा कर्मियों के साथ 135 के करीब पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। इस दौरान एसएसपी राजिंदर सिंह के अलावा, एसपी हेडक्वार्टर बहादुर सिंह सग्गू, एसपी जांच बलबीर सिंह भट्टी के अलावा पुलिस अमला तैनात था।
फिरोजपुर में 19 प्रतिभागी डोप टेस्ट में फेल
पंजाब पुलिस भर्ती प्रक्रिया में पहली बार प्रतिभागियों का डोप टेस्ट
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजपुर में पंजाब पुलिस के 182 सिपाही पदों के लिए 24,700 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनके बुधवार को पुलिस लाइन फिरोजपुर में डोप टेस्ट और ट्रायल लिए गए। भर्ती रैली का नवनियुक्त एसएसपी आरके बख्शी ने निरीक्षण किया।
एसएसपी बख्शी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। सभी उम्मीदवारों के डोप टेस्ट किए जा रहे हैं। इसके अलावा उम्मीदवारों के ट्रायल लिए गए। एसएसपी ने कहा कि पैसे लेकर नौकरी दिलवाने के लिए यदि कोई भी दलाल किसी उम्मीदवार से संपर्क करता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
कोई भी उम्मीदवार किसी दलाल के झांसे में ना आए। भर्ती प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हो रही है। इसके अलावा वीडियोग्राफी भी की जा रही है। उम्मीदवारों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। एसएसपी बख्शी ने बुधवार को फिरोजपुर एसएसपी का पदभार संभाला है। इससे पहले बख्शी पठानकोट में एसएसपी तैनात थे।
लुधियाना में चार डोप टेस्ट में फेल, दूसरा मौका मिलेगा
पंजाब पुलिस भर्ती प्रक्रिया में पहली बार प्रतिभागियों का डोप टेस्ट
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस विभाग में भर्ती के लिए आ रहे युवकों के लिए खुशखबरी है। डोप टेस्ट में फेल होने वाले युवाओं को विभाग की ओर से दूसरा चांस भी दिया जाएगा। शारीरिक टेस्ट के बाद युवाओं को यह अवसर दिया जाएगा। पुलिस कमिश्नर जतिंदर सिंह औलख का कहना है कि कई बार दवा खाने से भी डोप टेस्ट क्लीयर नहीं हो पाता। ऐसे में युवाओं को एक और मौका भी दिया जाएगा।
प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए बायोमैट्रिक सिस्टम लागू किया गया है। काबिलेजिक्र है कि पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के ग्राउंड में पुसिल की भर्ती के लिए टेस्ट हो रहे हैं। लुधियाना में करीब 23 हजार युवाओं के टेस्ट लिए जाएंगे। पहले दिन 400 युवाओं को बुलाया गया था। इनमें से 349 ने टेस्ट दिए। चार युवा डोप टेस्ट में फेल हो गए। डीसीपी धु्रमन निंबले का कहना है कि दो डाक्टर एवं आठ लैब टेक्नीशियन की टीम उम्मीदवारों का डोप टेस्ट कर रही है।
डोप टेस्ट किट हेरोइन, अफीम, चूरा पोस्त के अलावा परफार्मेंस बढ़ाने वाली ड्रग्स को भी डिटेक्ट कर लेती है। भर्ती प्रक्रिया के दौरान रोजाना 400 से 600 उम्मीदवारों के टेस्ट लिए जाएंगे। शारीरिक परीक्षा में 1600 मीटर रेस, लंबी छलांग एवं ऊंची छलांग भी कराई जाएगी। पीएयू के एथलेटिक्स के कोच एवं खेल विभाग के माहिर इसमें सहयोग कर रहे हैं। सभी उम्मीदवारों के टेस्ट की वीडियो रिकार्डिंग की जा रही है।
जालंधर में 327 युवाओं का डोप टेस्ट, 18 पॉजिटिव
पंजाब पुलिस भर्ती प्रक्रिया में पहली बार प्रतिभागियों का डोप टेस्ट
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब पुलिस में बुधवार से भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बार खास तौर पर आवेदन करने वाले युवाओं का डोप टेस्ट करवाया जा रहा है। जालंधर सिटी के कमिश्नरेट इलाके में 400 युवाओं को भर्ती के लिए काल किया गया था, जिसमें 327 ही पहुंचे। 327 युवाओं का डोप टेस्ट करवाया गया।
18 युवाओं में ही पॉजिटिव पाया गया। उनको रिजेक्ट कर दिया गया। भरती प्रक्रिया पुलिस कमिश्नर अर्पित शुक्ला की देखरेख में शुरू हुई। इस दौरान युवाओं के शारीरिक टेस्ट भी लिए गए। इस प्रक्रिया में 83 युवा ही क्वालीफाई कर पाए। जालंधर में डोप टेस्ट पॉजिटिव की संख्या सिर्फ 5.5 फीसदी रही।
फरीदकोट में पहले दिन 17 प्रतिभागियों के डॉप टेस्ट पॉजिटिव
पंजाब पुलिस भर्ती प्रक्रिया में पहली बार प्रतिभागियों का डोप टेस्ट
- फोटो : अमर उजाला
राज्य के बाकी जिलों की तरह स्थानीय नेहरू स्टेडियम में भी एक माह चलने वाली पंजाब पुलिस में कांस्टेबलों की भर्ती प्रक्रिया के ट्रायल शुरू किए गए। बुधवार को पहले दिन के ट्रालय में 366 प्रतिभागियों ने भाग लिया और इनमें से 17 का डॉप टेस्ट पॉजिटिव मिलने की वजह से उन्हें बाहर निकाल दिया गया।
इस मौके पर एसएसपी सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि भर्ती ट्रायल में पूरी पारदर्शिता की जा रही है व सभी ट्रायल का डाटा साथ साथ मुख्य कार्यालय के सर्वर पर अपडेट किया जा रहा है ताकि किसी प्रकार की छेड़छाड़ की संभावना न रह सके। हर रोज दो सेशन में औसतन 500 के करीब नौजवानों के ट्रायल लिए जाएंगे।
सबसे पहले पंजीकरण होगा और उसके बाद डॉप टेस्ट किया जाएगा। डॉप टेस्ट में सफल होने वाले प्रतिभागियों का शारीरिक टेस्ट, 1600 मीटर की दौड़, लंबी छलांग, ऊंची छलांग के ट्रायल होंगे। जिले के करीब 12000 प्रतिभागीयों ने कांस्टेबल पदों के लिए अप्लाई किया हुआ है।
बठिंडा में 356 आवेदनकर्ता पहुंचे, 17 का डोप टेस्ट पॉजिटिव
पंजाब पुलिस भर्ती प्रक्रिया में पहली बार प्रतिभागियों का डोप टेस्ट
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब पुलिस की भर्ती के लिए बुधवार से ट्रायल शुरू हो गए। जिले की 850 पोस्टों के लिए लड़कों के ट्रायल बठिंडा पुलिस लाइन में और महिलाओं के ट्रायल ज्ञानी जैल सिंह इंजीनियरिंग कॉलेज के स्टेडियम में सुबह 5 बजे से शुरू हो हुए, जो देर शाम जारी रहे। 400 आवेदनकर्ताओं को बुलाया गया था, उसमें से 356 पहुंचे। इस दौरान 17 लोगों का डोप टेस्ट पॉजिटिव पाए गए।
इनमें से 15 लोगों ने एस पिटामाइन ली थी, जिनका केस फरीदकोट मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। भर्ती ट्रायल का जायजा लेने के लिए एसएसपी स्वप्न शर्मा ने पुलिस लाइन का दौरा किया। एसएसपी ने बताया कि डोप टेस्ट की रिपोर्ट सिर्फ 5 मिनट में ही आएगी। इसके लिए पुलिस ने स्पेशल मेडिकल किट मंगवाई है। डोप टेस्ट पास करने के बाद ही दूसरा प्रोसेस शुरू होगा।
अगर डोप टेस्ट पॉजिटिव हुआ तो फिर उम्मीदवार के पास दो आप्शन होंगी या तो वह उसी समय भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो जाए और अगर किसी को इस पर एतराज हो तो उसे तुरंत सिविल अस्पताल में जाकर खून का नमूना देना होगा। उसकी रिपोर्ट आने के बाद प्रक्रिया जारी रखी जाएगी। बठिंडा के लिए कुल 850 पोस्ट हैं।
मोहाली में पुलिस की भर्ती, पहले दिन डोप टेस्ट में 12 फेल
पंजाब पुलिस भर्ती प्रक्रिया में पहली बार प्रतिभागियों का डोप टेस्ट
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब पुलिस की भर्ती प्रक्रिया में पहली बार शुरू किए गए डोप टेस्ट में पहले दिन 12 आवेदक फेल हो गए। जबकि 226 आवेदक फिजिकल टेस्ट भी पास नहीं कर पाए हैं। भर्ती प्रक्रिया सेक्टर-78 स्थित मल्टीपर्पस स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही है। भर्ती प्रक्रिया कैमरों से नजर की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि भर्ती का पूरा शेड्यूल तैयार किया गया है, उसी के मुताबिक प्रक्रिया चल रही है।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-78 स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह से ही भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई थी। भर्ती प्रक्रिया के लिए विभाग ने कड़े नियम बनाए है। आवेदकों को आवेदक फार्म के साथ आधार कार्ड या पहचान पत्र देकर एंट्री दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, जिले में 182 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए 11 हजार से अधिक युवकों ने आवेदन किया है। पहले दिन 347 आवेदकों ने भर्ती प्रक्रिया में अपनी किस्मत आजमाई।
इस दौरान 226 आवेदक टेस्ट में फेल हो गए। वहीं, पता चला है कि जो लोग डोप टेस्ट में फेल हुए है। उन्हें 72 घंटे का समय दिया गया है। इसके बाद उन्हें दोबारा सिविल अस्पताल में अपना डोप टेस्ट करवाने को कहा गया है। एसएसपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया काफी बढ़िया तरीके से चल रही है। उन्होंने बताया कि मेडिकल किट्स स्टाफ और टीम को मुहैया करवाई गई है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया आगे भी चलती रहेगी।