लोकसभा चुनाव में निर्वाचित सांसदों की अधिसूचना के साथ ही चुनाव आयोग ने आदर्श चुनाव आचार संहिता समाप्त कर दी है।
हरियाणा के मुख्य चुनाव अधिकारी श्रीकांत वाल्गद ने बताया कि आयोग ने सोमवार को आचार संहिता समाप्त करने की अधिसूचना जारी कर दी है।
उन्होंने बताया कि आयोग ने इसकी सूचना कैबिनेट सचिव समेत सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों, सब मुख्य चुनाव अधिकारियों को भेज दी है।्र
अब हरियाणा सरकार लोकलुभावन फैसले ले सकेगी। सबसे पहला फैसला टोल फीस कम करने वाली टोल नीति को मंजूरी देने से संबंधित है। आगामी मंत्रिमंडल की बैठक में इसे मंजूरी दी जा सकती है।
आदर्श चुनाव आचार संहिता के चलते मंत्रिमंडल की 14 मई को हुई बैठक में टोल नीति नहीं रखी गई है। इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों के हित के फैसले भी हो सकते हैं। बुजुर्गों, विधवा, विकलांग पेंशन में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
कृष्ण मोहन, गौड़ बने सीएम के सलाहकार
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रिटायर्ड आईएएस कृष्ण मोहन और शिवरमण गौड़ को को अपना सलाहकार नियुक्त किया है। कृष्ण मोहन राजस्व एवं भूमि सुधार पर सलाह देंगे।
वे राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव पद से रिटायर हुए थे। हालांकि उन्हें किसी आयोग में कुछ समय बाद नियुक्त किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव पद से रिटायर हुए शिवरमण गौड़ मुख्यमंत्री को स्वास्थ्य मामलों पर सलाह देंगे। वे मुख्यमंत्री कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग की फाइलों का निपटारा करते थे। उन्हें भी किसी आयोग में तैनात किया जा सकता है।