नगर निगम चुनाव में वोटरों में काफी उत्साह दिखा। किसी ने वोट विकास के लिए दिया तो किसी ने नई सोच के नाम किया। कुछ नए विकल्प के लिए भी वोट देने पहुंचे। सभी के चेहरे खिले दिखे। युवक-युवतियों से लेकर वरिष्ठ नागरिक भी एक कतार में दिखे। सभी ने अपनी-अपनी बारी आने पर मतदान किया। यही नहीं दूसरे लोगों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित किया। जानते हैं क्या कहते हैं मतदाता...
जिम्मेदारी निभाते हुए मताधिकार का प्रयोग किया
देश का नागरिक होने के नाते मेरी जिम्मेदारी बनती है कि मैं हर हाल में अपने मताधिकार का प्रयोग करूं। इसलिए मैंने सबसे पहले अपने इस अधिकार का प्रयोग किया।
-सुखजीत कौर
पहली बार मताधिकार का प्रयोग कर खुश हूं
मैं इससे पहले तक अपने परिवार के सदस्यों को वोट देते देखती थी। इस बार मैंने पहली बार मतदान किया। मैं अपने मताधिकार का प्रयोग कर बेहद खुश हूं।
-तमन्ना
पहली बार किया मतदान, अनुभव रहा खास
मतदान को लेकर मैं बहुत उत्साहित थी। पहली बार मतदान करने का अवसर मिला। मैंने मतदान करने के बाद सेल्फी भी ली। यह अनुभव बेहद खास रहा।
-हेमा कुमारी
बेहतर लोकतंत्र के लिए शत प्रतिशत मतदान जरूरी
मैंने और मेरे सभी दोस्तों ने पहली बार वोट डाला है। मतदान हमारा अधिकार है। इसका प्रयोग हमें हर हाल में करना चाहिए। बेहतर लोकतंत्र के लिए शत प्रतिशत मतदान बेहद जरूरी है।
-अनुज प्रसाद
मताधिकार का प्रयोग कर अलग संतुष्टि मिली
मैंने पहली बार मतदान किया है। सच कहूं तो अपने मताधिकार का प्रयोग कर एक अलग संतुष्टि मिली है। एक बेहतर व्यवस्था के लिए मतदान बेहद जरूरी है।
-गौरव
अधिकारों की रक्षा के लिए मतदान जरूरी
मैं अपने मताधिकार का उपयोग हर बार करता हूं, इस बार भी किया। हमें अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आकर मतदान करना चाहिए।
-अरविंद सिंह
शिकायत नहीं, सही उम्मीदवार कर करें चुनाव
शिकायत करने के बजाय मतदान कर सही उम्मीदवार को सफल बनाने का प्रयास होना चाहिए। इसलिए मैंने अपने शहर की बेहतरी के लिए मतदान किया।
-मनोज प्रसाद
मतदान के लिए उम्र कभी रोड़ा नहीं बन सकती
मेरे लिए मतदान करना बेहद जरूरी है। मैं बीमार होने पर भी अपने मतदान का प्रयोग करती हूं। मेरा मानना है कि मतदान के लिए उम्र कभी रोड़ा बन ही नहीं सकती।
-विमला देवी
महिलाओं की सुरक्षा के लिए दिया मत
इस बार निगम चुनाव महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे को ध्यान में रखते हुए दिया है। कॉलोनी के इलाकों में स्ट्रीट लाइट आदि नहीं है, इस कारण रात के समय महिलाओं के लिए बाहर निकलना असुरक्षित रहता है।
- संगीता, धनास
विकास की उम्मीद पर दिया वोट
क्षेत्र में विकास के मुद्दे पर मतदान किया है। सड़कों और पार्कों के रखरखाव और सफाई व्यवस्था की हालत शहर में खराब है। इसके साथ ही शिक्षा-स्वास्थ्य की व्यवस्था भी उम्मीद है दुरुस्त होगी।
- सपना, महिला, सेक्टर-26
पिता और बेटी ने एक साथ किया मतदान
सेक्टर-26 में पिता संजय और बेटी ऐश्वर्या एक साथ मतदान करने के लिए दोपहर बाद मतदान केंद्र में पहुंचे। दोनों ने बताया कि शहर के विकास को ध्यान में रखते हुए मतदान किया है। सभी को परिवार सहित लोकतंत्र के जश्न में शामिल होना चाहिए।