कनाडा के टॉप 25 वांछित अपराधियों में शामिल
गोल्डी बराड़ कनाडा के टॉप 25 वांछित अपराधियों में शामिल है। रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) ने गोल्डी को अपराधियों में 15वें नंबर पर रखा है। उसके ऊपर डेढ़ करोड़ रुपये का इनाम भी घोषित है। कनाडा में पिछले छह साल से वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई व बब्बर खालसा इंटरनेशनल के लिए काम कर रहा है। गोल्डी बराड़ को एक क्रॉस बॉर्डर एजेंसी का समर्थन है। वह कई हत्याओं में शामिल रहा है और कट्टरपंथी विचारधारा का समर्थक है।
गुरुग्राम के दोहरे हत्याकांड में भी आया नाम
गुरुग्राम में हुए दोहरे हत्याकांड में गोल्डी बराड़ की कथित भूमिका सामने आई थी। काला जठेरी, लॉरेंस बिश्नोई और नरेश सेठी गिरोह ने दो भाई परमजीत और सुरजीत की हत्या कर दी थी। यह मामला अवैध शराब के कारोबार और आपसी दुश्मनी से जुड़ा हुआ था। फिल्म अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने में भी गोल्डी बराड़ का नाम सामने आया था।
मुक्तसर का रहने वाला बराड़ 2017 में स्टूडेंट वीजा पर गया था कनाडा
गोल्डी बराड़ पंजाब के मुक्तसर के आदेश नगर का रहने वाला है। माता-पिता ने उसका नाम सतिंदरजीत सिंह रखा लेकिन बदमाश बनने के बाद वह गोल्डी बराड़ नाम से चर्चित हुआ। उसका परिवार अब मुक्तसर से फरीदकोट शिफ्ट हो चुका है। सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ वर्ष 2017 में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा गया था। वहां वह आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया। गोल्डी बराड़ के पिता पंजाब पुलिस में बतौर सब इंस्पेक्टर तैनात थे।