ईवीएम में खराबी की वजह से पटियाला संसदीय सीट के विधानसभा क्षेत्र नाभा के दो पोलिंग स्टेशनों पर शनिवार को पुन: मतदान होगा।
पोलिंग स्टेशन नं. 90 सरकारी ब्वॉयज स्कूल दोदा और पोलिंग स्टेशन नं. 140 सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (ब्वॉयज) नाभा में चुनाव आयोग ने री-पोलिंग के निर्देश जारी किए हैं।
पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी वीके सिंह के अनुसार शनिवार को मतदान का कार्य सुबह 7.00 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। इस बारे में पटियाला के डीसी कम जिला चुनाव अधिकारी को पुन: मतदान के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी सुप्रीत सिंह गुलाटी के अनुसार उक्त पोलिंग बूथों पर कुछ लोगों ने शिकायत की थी कि उनके द्वारा दबाए गए बटन की जगह अन्य बटन के सामने लाइट जली।
इसे मौके पर चेक नहीं किया जा सकता था, इसलिए मशीनें बदली गईं। इसकी रिपोर्ट आयोग को भेजी गई। इस पर फैसला लेते हुए आयोग ने इन दोनों स्थानों पर री-पोलिंग करवाने के निर्देश दिए हैं।
ध्यान रहे कि ईवीएम में खराबी की वजह से चुनाव अधिकारियों को इस बार मुश्किलों का सामना करना पड़ा। करीब 400 मशीनें इस वजह से बदलनी पड़ीं। यहां तक कि 300 ईवीएम तो गत 30 अप्रैल को मतदान की शुरुआत के वक्त ही बदली गईं। बाकी मशीनें थोड़े-थोड़े समय बाद बदलनी पड़ीं।
अगला चुनाव होगा नई मशीनों से
जानकारी के अनुसार मशीनों में खराबी की वजह से परेशान पंजाब के चुनाव अधिकारियों ने आयोग से यह आग्रह करने का निर्णय लिया है कि अगले चुनाव में मतदान के लिए नई मशीनें उपलब्ध करवाई जाएं।
जल्द ही सीईओ कार्यालय की ओर से संबंधित रिक्वेस्ट लेटर चुनाव आयोग को भेजा जाएगा। एक अधिकारी के अनुसार गत 30 अप्रैल को मतदान के दौरान इस्तेमाल की गई ईवीएम दस साल से भी अधिक पुरानी हैं।
इसी वजह से इनकी फंक्शनिंग में दिक्कत आई। इसलिए अब आयोग से अपील की जाएगी कि पंजाब अगला चुनाव जब भी हो, नई ईवीएम का प्रबंध किया जाए।
मतदान पर पड़ा असर
वोटिंग मशीन की खराबी का असर निश्चित रूप से मतदान पर पड़ा। अधिकारियों का मानना है कि बहुत से लोग मशीन खराब होने पर लाइन में खड़े होकर इंतजार करने की बजाय अपने घरों या कामों को निकल गए।
उनमें से कुछ मतदान करने वापस आए, लेकिन काफी अपने-अपने कामों में व्यस्त होने के कारण लौटे ही नहीं। इसलिए आयोग से नई मशीनें देने की अपील की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति का सामना न करना पड़े।