लुधियाना में RSS नेता रविंदर गोसाईं की हत्या के मामले में NIA की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों से पता चला कि गोसाईं की हत्या करने वालों के खातों में ऑस्ट्रेलिया में रह रहे कट्टरपंथियों ने पैसे भेजे थे। इस संबंधी एजेंसी के पास पूरे दस्तावेज हैं।
आरोपियों में हरदीप सिंह शेरा, धर्मेंद्र सिंह गुगनी व रनदीप सिंह शामिल थे। वहीं, अब एनआईए कई अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है। गुगनी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने उसको न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब उसे पांच जनवरी को पेश किया जाएगा। एनआईए के सूत्रों के मुताबिक, गुगनी सेे पूछताछ और बैंक खातों की पड़ताल में यह बात सामने आई है कि 30 हजार ऑस्ट्रेलियाई डॉलर रविंदर गोसाईं की हत्या के लिए भेजे गए थे।
इस पैसे का उपयोग टारगेट किलिंग के लिए ही होना था। एनआईए के एक अधिकारी ने नाम न लिखने की शर्त पर बताया कि उक्त राशि बहुत ज्यादा है। यूरोप और मिडल ईस्ट देशों में रहे कट्टरपंथियों ने तो आरोपियों की सहायता की थी, लेकिन यह नया खुलासा है कि पैसा ऑस्ट्रेलिया से ट्रांसफर हुआ था।