राज्यसभा चुनाव मतदान की वीडियोग्राफी देखकर इनेलो समर्थित उम्मीदवार आरके आनंद भड़क गए और उन्होंने भाजपा विधायक पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने विधायक असीम गोयल और निर्दलीय विधायक जयप्रकाश पर निशाना साधा है।
आनंद ने आरोप लगाते हुए कहा कि गोयल का पेन बदलना और निर्दलीय विधायक जयप्रकाश का बीच में आना संदिग्ध है। इससे यह बात भी पूरी तरह साफ होती है कि मतदान के दौरान व्यापक स्तर पर गड़बड़ियां हुई है।
हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर ने भी बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पर आरोप लगाने वाली भाजपा की पोल अब खुल गई है। उधर, केन्द्रीय मंत्री वीरेन्द्र सिंह के प्रतिनिधि के तौर पर चहुंचे कृषि मंत्री ओपी धनखड़ ने इस पूरे प्रकरण में कहा कि कांग्रेसियों की तरफ शक की सूई जा रही है।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि चुनाव को लेकर कई आपत्तियां मिली हैं, जिसकी दोबारा जांच और सुनवाई अगले बुधवार को होगी। इसके बाद चुनाव आयोग को अंतिम रिपोर्ट भेजी जाएगी।
विडियोग्राफी देखने पहुंचे उम्मीदवार और प्रतिनिधि
सुभाष चंद्रा
- फोटो : फाइल फोटो
राज्य सभा सदस्य के 11 जून को हुए चुनाव में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए इस मामले की चुनाव आयेाग में शिकायत दी थी। वीरवार को विडियोग्राफी देखने के लिए उम्मीदवार आरके आनंद, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के अलावा केन्द्रीय मंत्री वीरेन्द्र सिंह के प्रतिनिधि के तौर पर ओपी धनखड़ जबकि दूसरे उम्मीदवार सुभाष चंद्रा के प्रतिनिधि भी पहुंचे।
उम्मीदवारों सहित शिकायतकर्ता को भी करीब ढाई तक चुनावी प्रक्रिया को बारीकी से देखने के बाद बाहर निकलने पर निर्दलीय उम्मीदवार आरके आनंद ने भाजपा विधायक असीम गोयल और निर्दलीय विधायक जयप्रकाश पर आपत्तियां जताई। उन्होंने कहा कि अन्य विधायकों ने वोटिेंग में 10 सेकेंड तक का वक्त लिया जबकि असीम गोयल 50-55 सेकेंड तक अंदर रहे।
आनंद ने कहा कि असीम गोयल के अंदर से निकलने के बाद 13 विधायकों ने वोटिंग की, इसके लिए दूसरे पेन का इस्तेमाल किया गया। जब मतदान के लिए निर्धारित पेन के बारे में सभी विधायकों को जानकारी दे दी गई थी तो विधायक असीम गोयल के निकलने के बाद वोट देने वाले 13 विधायकों का वोट निरस्त हो जाना बताता है कि धांधली हुई है। आंनद ने कहा कि इस मामले में एफआईआर दर्ज करने के बाद दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस भी करेंगे।
तंवर बोले, वीडियोग्राफी से भाजपा की पोल खुली
अशोक तंवर
- फोटो : फाइल फोटो
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि भाजपा पहले कांग्रेस पर आरोप लगा रही थी, लेकिन विडियोग्राफी देखने के बाद कई ऐसे पहलु सामने आए हैं, जिससे भाजपा की पोल खुल जाती है। उन्होंने कहा कि एक विधायक का वोटिंग में अधिक वक्त लगना और इसके बाद के सभी वोटों का कैंसल होना भी साजिश का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेसी विधायकों ने आरके आनंद को वोट दिए हैं। इस मामले में ओपी धनखड़ ने कहा कि वीडियोग्राफी में कोई ऐसी गड़बड़ी की बात नहीं दिखी। किसी विधायक ने वोट डालने में अधिक वक्त न हीं लिया, बावजूद इसके अगर किसी को ऐतराज है तो आगामी बुधवार को आयोग दोबारा इस मामले में सुनवाई करेगा।
धनखड़ ने कहा कि एक साथ कांग्रेसी विधायकों का पहुंचने से शक की सूई उनकी तरफ ही जा रही है। उन्होंने इसमें इनेलों की भूमिका पर भी सवाल उठाए।