मौसम के बदले मिजाज के बीच पंजाब में शुक्रवार को कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि के साथ आंधी के कारण भारी नुकसान हुआ है। पठानकोट में तूफान के चलते आम आदमी पार्टी की चुनावी सभा का पंडाल गिरने से अफरातफरी मच गई। गुरदासपुर के हरदोछन्नी रोड पर चल रहे दुबई क्राफ्ट बाजार में बनाया एक टावर गिर गया। ब
इसके नीचे दबने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है। बारिश-ओलावृष्टि एवं तूफान के चलते फसलों को भी नुकसान हुआ है। इसी बीच, मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक पंजाब के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी देते हुए अलर्ट जारी कर दिया है।
पठानकोट के भोआ में शुक्रवार को दोपहर 3:30 बजे आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार शैरी कलसी जैसे ही चुनाव सभा के मंच पर पहुंचने के बाद तूफान के कारण पंडाल गिर गया। इसके चलते पंडाल में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। पंडाल गिरने के कारण शैरी कलसी भी फंस गए, जिन्हें सुरक्षाकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। गुरदासपुर में शाम करीब साढ़े तीन बजे चली आंधी के कारण क्राफ्ट बाजार में बनाया गया टावर गिर गया।
टावर की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिस समय टावर गिरा, उस समय एक अन्य युवक टावर पर लाइट लगा रहा था। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। दूसरा उपचाराधीन है। मृतक की पहचान अरविंदर कुमार पुत्र लक्खी राम निवासी कलीचपुर के रूप में हुई है।
उधर, ममदोट व उसके आसपास के गांवों में ओलावृष्टि के कारण गेहूं व सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंचा है। किसान रेशम सिंह व गुरदेव सिंह ने बताया कि तेज हवा और बारिश के साथ गांव दोना तेलू मल, फत्तेवाला हिठाड़, कालू अराइयां हिठाड़, लक्खा हाजी, रूहेला हाजी व भंबा हाजी में ओलावृष्टि हुई है। हरी मिर्च, शिमला मिर्च एवं भिंडी की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है।
ओलावृष्टि-बारिश से 11,200 एकड़ रकबा प्रभावित
पंजाब में शुक्रवार को हुई बारिश व ओलावृष्टि से करीब 11,200 एकड़ रकबे पर गेहूं की फसले प्रभावित हुई है। इस कारण गेहूं का झाड़ करीब पांच फीसदी कम रहने का खेतीबाड़ी विभाग ने अनुमान लगाया गया है। बताया जा रहा है कि अभी तक केवल 25 फीसदी फसलों की ही कटाई हुई है। इसी बीच शुक्रवार को मौसम की मार से खास तौर से संगरूर जिले में 5000 एकड़ पर फसलों को नुकसान पहुंचा है, वहीं मोगा में 2500 एकड़, अमृतसर में 500, मानसा में 200 एकड़ पर फसलें प्रभावित हुई हैं। पटियाला, फरीदकोट व बठिंडा में भी नुकसान हुआ है। पंजाब खेतीबाड़ी विभाग के डायरेक्टर जसवंत सिंह के मुताबिक बारिश व ओलावृष्टि से पकी गेहूं की फसलों का दाना गिर जाता है। जिससे गेहूं का झाड़ पांच फीसदी तक कम रहने की आशंका है।
नुकसान का सर्वे करवाएंगे
बारिश-ओलावृष्टि से फसलों को जो भी नुकसान हुआ है उसका सर्वे कराया जाएगा। नुकसान के आकलन के लिए चंडीगढ़ में अधिकारियों से जल्द मीटिंग की जाएगी। किसानों के दाने-दाने का मुआवजा मिलेगा।
-भगवंत मान, मुख्यमंत्री, पंजा