चंडीगढ़। बारिश से सेक्टर-17 आईएसबीटी पर मुसाफिरों के साथ-साथ दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग बारिश में भीगते हुए बस अड्डा में गंतव्य तक जाने के लिए पहुंचे। बारिश का पानी दुकानों तक पहुंच गया।
बस अड्डे पर पुस्तक विक्रेता राकेश गुप्ता ने बताया कि कुछ समाचार पत्र व अन्य पत्र पत्रिकाएं फर्श पर रखी थीं, जिसेे जल्दबाजी में सुरक्षित जगहों पर रखा। कई दुकानों तक भी पानी पहुंच गया। कैंटीन संचालकों कोे भी काफी दिक्कत हुई। लंच के समय बारिश होने पर ग्राहकों पर भी असर पड़ा। कैंटीन संचालक बबलू चौरसिया ने बताया कि कैंटीन में पानी घुस आया। राकेश गुप्ता ने बताया कि बस अड्डे पर बारिश में परेशानी होती है। इसका हल स्थायी तौर पर होना चाहिए। गारमेंट दुकानदार अनिल और सत्यानंद ने बताया कि कई वर्षों से यही समस्या चली आ रही है। बारिश होने पर पानी भर जाता है।
बस अड्डे पर पार्किंग में भी पानी भर गया। स्थानीय बस अड्डा पर भी बसों के इंतजार में लोग काफी संख्या में इंतजार किया। बारिश के कारण स्कूल के विद्यार्थी भी भीग-भीग कर बस पकड़ने आए। बारिश के कारण बस अड्डे की छत भी टपकती रही। बारिश बंद होने के बाद बस अड्डे के सफाई कर्मचारियों ने सफाई की।