शहर में पिछले दिनों हुई बारिश से सड़कों की हालत काफी खस्ता हो गई है। सड़कों ने दलदल का रूप धारण कर लिया है।
वहीं, सड़कों पर पड़े गड्ढे हादसों का सबब बने हुए हैं। दूसरी तरफ कई सड़कों की लाइटें भी रात को नहीं जलती है। जिसने लोगों की मुश्किल और बढ़ा दी है।
फेज-6 स्थित नए बस स्टैंड से लेकर गायत्री शक्ति पीठ तक की सड़क बारिश से काफी खस्ता हो गई है। गमाडा ने सड़क के दोनों तरफ ड्रेनेज लाइन डालने के लिए खुदाई की हुई है।
खुदाई से निकली मिट्टी पानी से मिलकर सड़क तक पहुंच गई। जिससे वाहन चालकों को काफी मुश्किल उठानी पड़ रही है। इतना ही नहीं कई दोपहियां वाहन चालक सड़क पर हादसे का शिकार भी हो रहे हैं।
ऐसा ही हाल न्यू बस स्टैंड से फायर विभाग के आफिस तक आ रही सड़क का है। सड़क पर मिट्टी ही मिट्टी है। जिससे गाड़ी वालों के अलावा पैदल चलने वाले लोग भी परेशान हो रहे हैं।
दूसरी तरफ यह इलाका एक्सिडेंट प्रोन एरिया में आता है। ऐसी ही स्थिति एमओआई चौक से स्पाइस चौक तक जाने वाली सड़क की है।
सड़क पर गड्ढे पड़े हुए हैं। वहीं, फेज-9 के अंदरूनी इलाकों व फेज-6 बैरियर के पास वाली सड़क भी काफी दयनीय स्थिति में है। विभाग के अधिकारियों की माने तो मौसम साफ होने के बाद ही सड़कों की स्थिति सुधरेगी।