रेलमंत्री सुरेश प्रभु हरियाणा और पंजाब के मुख्यमंत्री के साथ रेलवे से जुड़े मसलों को लेकर चंडीगढ़ में मीटिंग करने 26 जून को आ रहे हैं।
सिटी ब्यूटीफुल में रेलमंत्री के आने की सूचना से नार्दर्न रेलवे के अधिकारी दिल्ली से कालका तक के रेलवे स्टेशन की जांच में जुट गए हैं। वह स्टेशनों पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की बारीकी से जांच कर रहे हैं। इस दिन रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्री प्लेटफार्म पर मेन गेट से प्रवेश नहीं कर पाएंगे। प्लेटफार्म पर वह केवल एस्केलेटर से ही पहुंच पाएंगे।
नार्दर्न रेलवे के जीएम एके पुथिया ने बताया कि 26 जून को रेलमंत्री मीटिंग के लिए आने वाले हैं। वह दिन में ढाई से साढे़ तीन बजे तक चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर रहेंगे। रेलमंत्री ऑटोमैटिक वाशेबल प्लांट सेंटर और जींद सोनीपत रेलवे लाइन का यहीं से उद्घाटन करेंगे। जीएम ने शनिवार को चंडीगढ़ और कालका रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। जीएम एके पुथिया ने बताया कि डबल लेनिंग का काम पूरा होने के बाद ही चंडीगढ़ में प्लेटफार्म नंबर 7 और 8 का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। ये प्लेटफार्म पंचकूला साइड बनाए जाएंगे। पंचकूला साइड बने टिकट काउंटर्स को दूसरे जगह शिफ्ट किया जाएगा। पंचकूला के तरफ बना पार्किंग भी दूसरे जगह शिफ्ट होगा।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक रेलमंत्री सुरेश प्रभु से दोनों राज्यों के सीएम के साथ जमीन को लेकर बातचीत होनी है। इसी सिलसिले में रेलमंत्री चंडीगढ़ आ रहे हैं। शनिवार को रेलवे जीएम ने अंबाला डीआरएम दिनेश कुमार और स्थानीय स्टेशन मास्टर टीपी सिंह के साथ स्टेशन का जायजा लिया। इस दौरान स्टेशन पर मंच के लिए जगह भी फाइनल कर लिया गया है। जहां से रेलमंत्री सुरेश प्रभु रेलवे के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे। स्टेशन के मेन एंट्री प्वाइंट पर उनका स्टेज बनाया जाएगा।
वाईफाई के लिए जुलाई तक करना पड़ेगा इंतजार
वाई-फाई
सिटी ब्यूटीफुल के यात्रियों को वाईफाई की सुविधा के लिए जुलाई तक इंतजार करना पड़ेगा। पहले यह सुविधा यात्रियों को जून में मिलने वाली थी। नार्दर्न रेलवे के जीएम एके पुथिया ने बताया कि यह सुविधा चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर जुलाई में शुरू की जाएगी।
जीएम ने कालका स्टेशन का किया दौरा
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एके पुथिया ने कालका रेलवे स्टेशन का दौरा किया। पुथिया शाम साढ़े छह बजे स्पेशल ट्रेन से कालका पहुंचे। 30 मिनट स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद वह सात बजे चंडीगढ़ रवाना हो गए। पुथिया ने बताया कि कालका स्टेशन पर यात्रियों के मूलभूत सुविधाओं में जल्द बढ़ोत्तरी की जाएगी।
जिसमें प्लेटफार्म नंबर चार का निर्माण कार्य, वाशिंग लाइन, फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य शामिल है। उन्होंने बताया कि कालका स्टेशन पर कम लंबाई की ट्रेनें ही आ पाती हैं। क्योंकि ट्रैक की लंबाई कम है। उन्होंने बताया कि ट्रैक एक और दो की लंबाई बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है। वहीं कालका शिमला रेलवे मार्ग पर व्हीलस की कमी के कारण स्पेशल टॉय ट्रेन न चलाए जाने के बारे में पूछे जाने पर पुथिया ने बताया कि वह व्हीलस उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत हैं। इसके लिए कानपुर की एक कंपनी से संपर्क किया गया है। पुथिया के साथ डीआरएम दिनेश कुमार, डीसीएम प्रवीण गौड़ द्विवेदी, कालका स्टेशन अधीक्षक तथा अंबाला मंडल के अन्य अधिकारी मौजूद थे।