चंडीगढ़। सेक्टर-41 स्थित एजी कॉलोनी में 22 वर्षीय भांजी अंजलि के हत्यारोपी मामा सतबीर की तलाश में पुलिस ने रविवार को पूरे दिन छापामारी की। पुलिस की एक टीम झज्जर (हरियाणा) में ही डटी है जबकि दूसरी टीम अन्य संभावित ठिकानों पर आरोपी को तलाश रही है।
बता दें कि आरोपी मामा सतबीर पत्नी और सास की हत्या में भी वांछित है। 2012 में जेल से पैरोल पर निकलने के बाद से वह फरार है। कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर रखा है। आरोपी मामा भांजी अंजलि पर शक करता था। वह अंजलि को लड़कों से मिलने और बात करने से रोकता था। इसी बात को लेकर शनिवार सुबह मामा और भांजी में झगड़ा हो गया। इस दौरान युवती की मां निर्मला सामने ही थी। तभी उसके मामा ने चाकू उठाया और युवती पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। युवती की मां कुछ समझ पाती उससे पहले वह भाग निकला। तब तक वह मौके से भाग गया। इसके बाद युवती की मां ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पीसीआर टीम घायल अंजली अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।