कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रदेश की गोबिंदगढ़ और खन्ना मंडियों का दौरा कर किसानों से बातचीत कर उनके दुख दर्द को जाना। इस दौरान उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि बेमौसम बारिश से किसानों के नुकसान की भरपाई सरकार से करवाई जाएगी।
पंजाब दौरे के क्रम में राहुल गांधी सबसे पहले मंडी गोबिंदगढ़ अनाज मंडी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कई किसानों से बातचीत की। डडहेड़ी के किसान हरभजन सिंह ने राहुल गांधी को कहा कि वह बीते 15 दिन से मंडी में गेहूं की बिक्री का इंतजार कर रहे हैं।
हरभजन सिंह ने कहा कि असीं किसान बणके की जुल्म कर लया....अफसर साड्डी चंगी फसल नू माड़ा दसदे ने, कदों आउंणगे अच्छे दिन? किसानों ने राहुल से फसल पर एमएसपी लागू करने की मांग की जिस पर राहुल ने आश्वासन दिया कि वह उनकी मुश्किलों की रिपोर्ट तैयार कर लोकसभा में उठाएंगे।
इसके बाद राहुल एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडी खन्ना पहुंचे। यहां पर उन्होंने किसानों से मुलाकात के बाद मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा।
राहुल ने आरोप लगाया कि एक तरफ मोदी सरकार मेक इन इंडिया का दावा कर रही है, जबकि दूसरी तरफ मंडियों में किसानों की दुर्दशा हो रही है।
किसान आत्महत्या कर रहे हैं, लेकिन सरकार को इनकी फिक्र नहीं है। पंजाब में अकाली भाजपा गठबंधन सरकार के कार्यकाल में किसान की मंडियों में हालत खराब हो रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।