मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष से आग्रह किया कि हरियाणा का मॉडल देश के अन्य राज्यों में भी लागू किया जाए।
मुख्यमंत्री ने सिरसा से कांग्रेस उम्मीदवार अशोक तंवर को जिताने के लिए लोगों से वोट की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की बदौलत उन्होंने हरियाणा में यूपीए सरकार की नीतियां लागू की।
हरियाणा में 3,82,000 गरीबों को 100-100 गज के मुफ्त प्लॉट दिए। दस लाख दलित परिवारों को मुफ्त पानी का प्रबंध किया। 14वें नंबर से हरियाणा अब नंबर एक पर आ गया है।
सीएम ने गुजरात मॉडल की धज्जियां उड़ाते हुए कहा कि अगर हरियाणा में गुजरात का मॉडल लागू कर दिया तो पेंशन 1000 के बजाय 400 रुपये देनी पड़ेगी, 81 फीसदी के बजाय 22 फीसदी को पेंशन देनी पड़ेगी। डीजल का रेट 7 रुपये लीटर महंगा करना पड़ेगा। किसानों को बिजली 10 पैसे के बजाए 2.70 रुपये प्रति यूनिट देनी पड़ेगी।
उन्होंने बुढ़ापा पेंशन में बढ़ोतरी के संकेत देते हुए कहा कि अगर आप (लोगों) का आशीर्वाद मिला तो वे पेंशन में एक और झोटा मार देंगे।
भाजपा पर हमला करते हुए सीएम ने कहा कि जो कांग्रेसी लोकसभा का टिकट मांगते थे और कांग्रेस ने उन्हें टिकट नहीं दिया, उन्हें भाजपा ने टिकट दे दिया। सीएम ने कहा कि इनेलो ने अपने राज में किसानों और गरीबों के हित में कोई काम नहीं किया। इनेलो सरकार में तो लोगों के प्लॉट पर कब्जे होते थे।
सीएम ने तंवर की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे मेहनती हैं। सही आदमी को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है। तंवर मेरे पीछे भी काम के लिए लगा रहता था इसलिए सिरसा से तंवर को जिताकर संसद में भेजें। सीएम ने कहा कि सिरसा में कांग्रेस कमजोर नहीं है। आज के बाद तंवर की जीत सुनिश्चित हो गई है।