राहुल गांधी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ खुलकर हमला बोला और कहा कि पार्टी के सीएम उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी जिस तरह से गरीबों के साथ प्रेम व स्नेह से मिलते हैं, क्या कभी आपने कैप्टन अमरिंदर सिंह को किसी गरीब को गले लगाते देखा। जब उन्हें अहसास हुआ कि कैप्टन तो भाजपा के साथ मिले हैं तो तुरंत उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया। कैप्टन को भी उन्होंने पंजाब में बिजली रेट कम करने को कहा था, तब कैप्टन कंपनियों से समझौते की बात कहकर इससे पीछे हट गए थे लेकिन चन्नी ने यह कर दिखाया। इसके अलावा लाखों रुपये के पुराने बिजली के बिल भी माफ किए।
बोर्डों व निगमों में चेयरमैन पद कार्यकर्ताओं को दिए जाएंगे: राहुल
राहुल ने दावा किया कि उनकी सरकार बनने पर पंजाब से रेत, ट्रांसपोर्ट माफिया का अंत करने साथ केबल के रेट कम किए जाएंगे। सबसे अहम बोर्डों व निगमों की चेयरमैनी विधायकों के बेटों या रिश्तेदारों को नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को दी जाएंगी। इसके अलावा महिलाओं को एक साल में आठ सिलिंडर व 1100 रुपये महीना दिया जाएगा।
सिद्धू मूसेवाला की रैली में पहुंचे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने पीएम मोदी के पीछे कुछ घरानों का हाथ होने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार पेट्रोल, डीजल, गैस व अन्य महंगाई पर इसलिए काबू नहीं पाती क्योंकि प्रधानमंत्री ने उन व्यक्तियों के इशारों पर चलना होता है। राहुल गांधी ने मंगलवार को मानसा की अनाज मंडी में शुभदीप सिंह सिद्धू मूसेवाला के हक में रैली की।
उन्होंने कहा कि जीएसटी, नोटबंदी, महंगाई पेट्रोल का लाभ केवल देश के पांच उद्योगपतियों को हो रहा है। यही कारण है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें कम होने के बावजूद भारत में सबसे महंगा है। अमित शाह के बयान पर राहुल गांधी ने कहा कि वह ड्रग को लेकर चिंतित दिखते हैं लेकिन जब उनकी पंजाब में गठबंधन की सरकार थी तो उस समय मैंने यह मुद्दा उठाया था जिसका मजाक बनाया गया।
उन्होंने कहा कि लोगों को मोदी की भ्रम पैदा करने वाली बातों में नहीं आना चाहिए। पंजाब में फिर कांग्रेस की सरकार बनते ही सुरक्षा, भाईचारक सांझ कायम रखी जाएगी, पंजाब को इस समय इसकी बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही गरीब लोगों को साल में आठ सिलिंडर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि चन्नी पंजाब का दर्द जानते हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आने पर पंजाब की बस, केबल कारोबार व रेत पर कब्जा खत्म कर आम लोगों को परमिट व रोजगार दिया जाएगा। केजरीवाल ने जैसे बिक्रम सिंह मजीठिया से माफी मांगी, अब उन्हें पंजाबियों से भी माफी मांग लेनी चाहिए।