पानीपत में राहगीरी कार्यक्रम में पहुंचे लोग।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के पानीपत में चार साल बाद फिर से राहगीरी कार्यक्रम शुरू हुई। प्रशासनिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी व शहरवासी सुबह करीब दो घंटे राहगीरी में जमकर झूमे। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। वहीं लोगों ने खेलों और व्यायाम में भी हिस्सा लिया।
उपायुक्त वीरेंद्र कुमार दहिया प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सुबह करीब 6:00 बजे सेक्टर 25 स्थित राहगीरी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। टीम राहगीरी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद विधिवत रूप से राहगीरी का शुभारंभ किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के साथ जमकर मस्ती की।
उपायुक्त अलग-अलग स्टालों पर पहुंचकर लोगों से रूबरू हुए और रहगीरी के बारे में फीडबैक लिया। शहरवासियों ने राहगीरी शुरू करने के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज व्यक्ति अपने दैनिक कार्यों तक सीमित रह गया है। वह इस भागदौड़ की जिंदगी से बाहर नहीं निकल पा रहा है। अब राहगीरी शुरू होने के बाद सप्ताह में एक दिन उनको खुद के लिए मिल पाएगा। राहगीरी के कार्यक्रम में अपनी सेहत के साथ मन को भी खुश रख सकेंगे।
बता दें कि 2019 में तत्कालीन उपायुक्त सुमेधा कटारिया के तबादले के बाद राहगीरी बंद हो गई थी। इसके बाद कोरोना महामारी शुरू हो गई थी। महामारी की वजह से राहगीरी कार्यक्रम बंद था। टीम राहगीरी के प्रमुख सदस्य राकेश तायल और इरफान अली व अन्य ने पिछले दिनों उपायुक्त वीरेंद्र कुमार दहिया के साथ बैठक की थी। इसमें राहगीरी शुरू करने की मांग रखी थी। उपायुक्त ने एडीसी वीना हुड्डा की ड्यूटी लगाकर राहगीरी पर फैसला लिया था। प्रशासनिक अधिकारियों की स्वीकृति के बाद 30 जुलाई को राहगीरी करने का फैसला लिया गया था।