चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव से पहले फाइनल वोटर लिस्ट में बूथ और वार्ड की मैपिंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं। चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रेरणा पुरी को पत्र भेजकर 22 सितंबर को प्रकाशित फाइनल इलेक्टोरल रोल-2026 में मैपिंग की स्थिति साफ करने की मांग की है। उन्होंने माड़ीवाला टाउन और सेक्टर-38 वेस्ट की वार्ड मैपिंग में विसंगति का हवाला दिया है।
सांसद के मुताबिक नगर निगम के आधिकारिक रिकॉर्ड में मारी वाला टाउन वार्ड-6 में शामिल है जबकि फाइनल वोटर लिस्ट के पार्ट नंबर 384, 385 और 386 में इसे वार्ड-5 के तहत दर्शाया गया है। इसी तरह उन्होंने सेक्टर-38 वेस्ट की मैपिंग को लेकर भी सवाल उठाया है। उन्होंने निर्वाचन विभाग से बूथ और वार्ड की सीमाओं की स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।
मनीष तिवारी ने निर्वाचन विभाग से 575 रेशनलाइज्ड बूथों की वार्ड-वाइज आधिकारिक मैपिंग सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही प्रत्येक वार्ड में कुल मतदाताओं की अंतिम संख्या जारी करने को कहा है, ताकि बूथवार और वार्डवार आंकड़ों की स्थिति साफ हो सके।
सांसद ने पूछा है कि वोटर लिस्ट के प्रत्येक पार्ट के पहले पन्ने पर दर्ज वार्ड नंबर को अंतिम और प्रमाणिक मैपिंग माना जाए या विभाग की कोई अलग आधिकारिक मैपिंग है। यदि रेशनलाइजेशन या मैपिंग में बाद में बदलाव हुआ है तो उसकी नवीनतम आधिकारिक रिपोर्ट भी सार्वजनिक करने की मांग की है।